लूट का विरोध करने पर हिस्ट्रीशीटर ने युवक को मारी गोली Bareilly News
दो दिन पहले ही महेश दिल्ली से घर लौटे। रविवार देर रात वह एक दोस्त की बाइक लेकर इज्जतनगर के सिद्धार्थनगर पहुंचे।
बरेली, जेएनएन : इज्जतनगर के सिद्धार्थनगर में लूट के विरोध पर हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथियों के साथ मिलकर नाथनगरी सेवा समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष के छोटे भाई को गोली मार दी। सिर में गोली लगने के कारण घायल की हालत गंभीर है। सूचना पर पुलिस पहुंची और परिजनों की तहरीर पर तीन नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
किला के केलाबाग निवासी मनोज यादव नाथ नगरी सेवा समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। उनके छोटे भाई महेश यादव दिल्ली स्थित एक बीफार्मा कंपनी में नौकरी करते हैं। दो दिन पहले ही महेश दिल्ली से घर लौटे। रविवार देर रात वह एक दोस्त की बाइक लेकर इज्जतनगर के सिद्धार्थनगर पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान महेश के सिर में पीछे से गोली मार दी गई और हमलावर भाग गए। आसपास के लोगों ने महेश को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर भाई मनोज परिवार के अन्य लोगों के साथ अस्पताल पहुंचे।
लूट के लिए हिस्ट्रीशीटर व उसके साथियों पर आरोप
मनोज ने इज्जतनगर थाने में तहरीर देते हुए बताया कि अस्पताल में महेश की हालत गंभीर है। राजेंद्र नगर निवासी हिस्ट्रीशीटर ललित स्विफ्ट कार से कुंवरगांव निवासी विपिन, आशिक व तीन अज्ञात लोगों के साथ घटनास्थल पर पहुंचा। जबरन उनके भाई को रोककर तलाशी लेने लगा। विरोध करने पर ललित ने पीछे से सिर में गोली मार दी। जब महेश बेहोश हो गया तो मरा समझकर आरोपित भाग निकले।
पुलिस के मुताबिक बर्थडे पार्टी का विवाद
पुलिस का कहना है कि महेश किसी की बर्थडे पार्टी में गया था। वहां आरोपित ललित भी था। किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया और बात इतनी बढ़ी कि इस हद तक जा पहुंची।
तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है। पार्टी में झगड़े के बाद गोली चली है। - केके वर्मा, इंस्पेक्टर इज्जतनगर