सूबे में 74 प्लस सीटें जीतने के लिए कस लें कमर
चौतरफा सियासी हमले के बीच भाजपा खामोशी से मिशन 2019 में जुटी है।
जागरण संवाददाता, बरेली : चौतरफा सियासी हमले के बीच भाजपा खामोशी से मिशन 2019 में जुटी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को लोकसभा संचालन समिति की बैठक रुहेलखंड में बुलाई गई। मंडल के चारों जिलों के जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी जुटे। इस दौरान प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने दो टूक कह दिया, सूबे में 74 प्लस सीटें जीतने के लिए कमर कस लें।
बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कहा कि लक्ष्य हासिल करने के लिए पार्टी ने 146 कार्यक्रमों की सूची तैयार की है। सभी कार्यक्रम समयबद्ध और चरणबद्ध अक्टूबर से जनवरी के बीच होंगे। लिहाजा नए सदस्यों को पार्टी से जोड़कर जनाधार को मजबूत करें। उन्होंने जोश भरते सभी से अभी से तैयारी में जुटने को कहा। बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री संगठन भवानी सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष बीएल वर्मा, प्रदेश महामंत्री गोविंद, ब्रज प्रांत अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, महामंत्री दुर्विजय सिंह, बरेली के प्रभारी मंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल, सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह, विधायक डॉ. अरुण कुमार, डॉ. श्याम बिहारी, डॉ. डीसी वर्मा, केसर सिंह, राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल, छत्रपाल गंगवार, बदायूं से आरके मिश्रा, महेश चंद्र गुप्ता, राजीव कुमार सिंह, पीलीभीत से किशनलाल राजपूत, संजय सिंह गंगवार, रामशरण वर्मा, बाबूराम पासवान, शाहजहांपुर से मानवेंद्र सिंह, चेतराम, वीर विक्रम सिंह, रोशन लाल वर्मा आदि मौजूद रहे।
नहीं पहुंचे तीन सांसद और एक मंत्री
लोकसभा संचालन समिति की बैठक में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मेनका गांधी और केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, कृष्णा राज सरकारी कार्यक्रम के चलते नहीं पहुंच सके। इसके अलावा सूबे के कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना भी नहीं आए।