Cyber Fraud: आधार कार्ड में नाम व पता बदलवाकर देश के 26 बैंकों में खोल रखे हैं 700 खाते
बिथरी चैनपुर पुलिस धांतिया के पांच साइबर ठगोंं को 33 घंटे रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान चौकाने वाली बातें सामने आईं है।
बरेली, जेएनएन : बिथरी चैनपुर पुलिस धांतिया के पांच साइबर ठगोंं को 33 घंटे रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान चौकाने वाली बातें सामने आईं है। साइबर ठगों और हवाला कारोबारियों ने बताया कि उनका देश के कई राज्यों में नेटवर्क है। अलग-अलग राज्यों में करीब 26 बैंकों में 700 के करीब बैंक खाते खोल रखें हैं। वह आधार कार्ड का नाम और पता बदलवाकर खाते खुलवाते थे। उसके बाद पासबुक और एटीएम अपने पास रखते थे और ऑनलाइन या फिर बैंक जाकर रकम निकालते थे। जिसके खाते में रकम आती थी। उस खाते से रुपये निकालने के बाद वह खाता धारक को दो प्रतिशत का कमीशन जरूर देते थे। उनकी ट्रेनिंग के बाद कितने गुर्गे ये काम कर रहे यह ठीक तरह से याद नहीं, हालांकि उन्होंने बड़ी संख्या में गुर्गों के नाम बताए हैंं। जिनके नाम पुलिस ने अपनी डायरी में दर्ज कर लिए हैं। फिलहाल रविवार शाम पांच बजे रिमांड खत्म होने से पहले पुलिस उनसे कई और महत्त्वपूर्ण सवालों के जवाब निकालने में लगी है।
बता दें कि साइबर ठगों की रिमांड शनिवार सुबह आठ बजे से लेकर रविवार शाम पांच बजे तक मिली है। पुलिस रिमांड पर लिए गए साइबर ठग जमशेद खां, आरिश खां, राशिद खां, साजिद खां और वारिस खां को सुबह आठ की बजाय दोपहर में थाने लेकर पहुंची। बकरीद के कारण दिन में ज्यादा पूछताछ नहीं हो सकी। रात में कई पहलुओं पर पूछताछ शुरू हुई तो देर रात तक पूछताछ चलती रही। सुबह पुलिस फिर से पांचों आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
नाइजीरियन गैंग के बारे में दिए अहम सुराग
धंतिया का यह गिरोह नाइजीरियन गैंग के लिए ही काम करता है। रकम निकालने के बाद यह दिल्ली में नाइजीरियन तक रुपये पहुचाते थे। नाइजीरियन गैंग के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारी दी है। पुलिस को इन्होंने नाइजीरियन गैंग के ठिकानों के बारे में भी बताया है।
लगातार फोन पर रहते थे संपर्क में
गैंग ने बताया कि यह रोजाना नाइजीरियन से बात करते थे। फोन कॉलिंग कम व्हाट्सएप या फिर इंटरनेट कॉल पर बात करते थे। दबिश के दौरान इन्होंने मोबाइल से कई चीजें डिलीट की थी। मोबाइल फॉरमेट करने का प्रयास भी किया लेकिन तब तक पकड़ लिए गए थे।
यह था मामला
करीब 10 दिन पहले एसपी अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में इज्जतनगर और बारादरी समेत कई थानों की पुलिस ने फतेहगंज पश्चिमी थाना के धंतिया गांव में छापेमारी की थी। यहां से 14 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया था। जबकी सात ठग फरार हो गए थे। उनके पास से लाखों की कीमत की नगदी, जेवरात व 165 एटीएम, 90 चेकबुक,आधारकार्ड और बड़ी संख्या में मोबाइल और सिम के साथ नकदी और लग्जरी वाहन मिले थे।
क्या बोले पुलिस अधिकारी
साइबर ठगों और हवाला कारोबारियों से पूछताछ की जा रही, कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली है। जो विवेचना के दौरान काम आएंगी। गैंग से जुड़े बड़ी संख्या में लोगों के नाम सामने आए हैं।
अभिषेक वर्मा, एसपी