बिथरी में भर्ती संक्रमित तीन सौ बेड के कोविड एल-1 में शिफ्ट
बिथरी सीएचसी से एल-1 कोविड अस्पताल का दर्जा अंतत छिन गया। यहां की अव्यवस्थाओं को देखते हुए अफसरों के निर्देश पर यहां भर्ती सभी 29 संक्रमितों को तीन सौ बेड अस्पताल में शुरू किए गए एल-1 कोविड अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है।
बरेली, जेएनएन : बिथरी सीएचसी से एल-1 कोविड अस्पताल का दर्जा अंतत: छिन गया। यहां की अव्यवस्थाओं को देखते हुए अफसरों के निर्देश पर यहां भर्ती सभी 29 संक्रमितों को तीन सौ बेड अस्पताल में शुरू किए गए एल-1 कोविड अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। अब तीन सौ बेड अस्पताल में ही सैंपलिग सेंटर, क्वारंटाइन सेंट के साथ एल-1 कोविड भी चलेगा।
बिना लक्षण वाले संक्रमितों को भर्ती करने के लिए बिथरी सीएचसी में एल-1 कोविड अस्पताल बनाया गया था। यहां की व्यवस्थाओं पर संक्रमितों ने ही लगातार सवाल खड़े किए थे। हाल ही में वीडियो वायरल करने वाली महिला और उसके परिजनों को एल-2 अस्पताल में शिफ्ट करना पड़ा था। वीडियो वायरल होने पर स्वास्थ्य विभाग की काफी किरकिरी भी हुई थी। इसके बाद जिले में कोविड-19 के नोडल अधिकारी आरएन सिंह ने इसे बंद करने के आदेश दिए थे, लेकिन तीन सौ बेड अस्पताल में एल-1 कोविड तैयार न होने के चलते यहां संक्रमितों को रोका गया था।
शुक्रवार को नवनीत सहगल ने भी यहां की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई और यहां भर्ती संक्रमितों को तत्काल तीन सौ बेड अस्पताल में शिफ्ट कराने के निर्देश दिए थे।
-------
'जहां रखना हो एक बार में भेज दो'
देर रात जब संक्रमितों को शिफ्ट किया जाने लगा तो नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि जहां भर्ती करना हो एक बार में कर दें। वे काफी देर तक अस्पताल से नहीं निकले। बाद में उन्हें समझाया गया तब माने। वर्जन
बिथरी में भर्ती संक्रमितों की परेशानियों को देखते हुए उन्हें तीन सौ बेड में शुरू हुए कोविड एल-1 अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है।
- डॉ. विनीत कुमार शुक्ला, सीएमओ