बरेली नगर निगम : बरेली के मधुवन टाकीज के पास 15 दुकानें सील, व्यापारियों में गुस्सा
नगर निगम ने बकाया नहीं देने वालों के प्रतिष्ठान सील करने की कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को भी चारों जोन में अभियान चलाकर टैक्स नहीं देने वालों की दुकानें सील की गई। मधुवन टाकीज के पास दुकानें सील करने पर व्यापारियों में नाराजगी फैल गई।
बरेली, जेेएनएन। नगर निगम ने बकाया नहीं देने वालों के प्रतिष्ठान सील करने की कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को भी चारों जोन में अभियान चलाकर टैक्स नहीं देने वालों की दुकानें सील की गई। मधुवन टाकीज के पास दुकानें सील करने पर व्यापारियों में नाराजगी फैल गई। उन्होंने नगर निगम में आकर अधिकारी का घेराव व हंगामा किया।
नगर आयुक्त के निर्देश पर चार टीमों ने अपने जोन में टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। एक टीम ने सुबह आठ बजे ही मधुवन टाकीज स्थित एक मार्केट की 15 दुकानों को सील कर दिया। इन दुकानों पर करीब 20 लाख रुपये का बकाया चल रहा है। नौ बजे के बाद जब दुकानदार अपने दुकानें खोलने आए तो सील लगी देख हैरान हो गए। इसके बाद सभी दुकानदार इकट्ठे होकर नगर निगम पहुंचे। वहां कर निर्धारण अधिकारी ललतेश सक्सेना के कार्यालय पर उनका घेराव किया। नगर निगम की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए हंगामा करने लगे। व्यापारियों ने नोटिस नहीं देने का आरोप लगाया। काफी देर हंगामे के बाद दुकानदार बकाया टैक्स अदा करने को राजी हो गए। बाद में उन्होंने बकाया टैक्स जमा कराया। वही, कर अधीक्षक आरपी सिंह ने कुतुबखाना स्थित फुटवियर की दो दुकानों पर साढ़े चार लाख रुपये का टैक्स बकाया होने पर सीलिंग की कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि एक दुकानदार ने तुरंत टैक्स अदा कर दिया।