महोलिया हत्याकांड का राजफाश, अवैध संबंध में हुई थी वारदात
लखनऊ निवासी महिला के रूप में हुई शिनाख्त आरोपित गिरफ्तार 15 जून की रात हुई थी ईंट से कूच कर हत्या
बाराबंकी : घुघंटेर पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का राजफाश करते हुए लखनऊ के दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। शव की शिनाख्त लखनऊ निवासी महिला के रूप में हुई। मृतका के शव की शिनाख्त उसकी पुत्री ने की है।
घुंघटेर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहलिया निवासी गंगाराम के गन्ना के खेत में 16 जून की सुबह एक महिला का शव पड़ा मिला था। अर्द्धनग्न अवस्था में मिले इस महिला के सिर पर ईंट से वार किए गए थे। पहले तो पुलिस इसे भट्ठा मजदूर होने की आशंका के आधार पर शिनाख्त की कोशिश कर रही थी। आखिरकार एएसपी आरएस गौतम और सीओ अरविद कुमार वर्मा के नेतृत्व में घुघंटेर कोतवाल दुर्गेश मिश्रा ने अथक प्रयासों से शव की शिनाख्त की। इसके बाद पुलिस ने साक्ष्य संकलन व डिजिटल डेटा से हत्यारोपितों को चिन्हित किया। महिला की हत्या लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र के ग्राम महोना निवासी वसीक वेग और जिशान उर्फ मिथुन शामिल थे। पुलिस ने रविवार सुबह घुंघटेर थाना क्षेत्र के कुम्हरावां चौराहे से दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
इसलिए की हत्या : पुलिस ने बताया कि महिला की दोनों युवकों से अवैध संबंध थे। 15 जून की रात वह दोनों से मिलने आई थी। यहां दोनों युवक महिला की पुत्री को लेकर अश्लील बातें करने लगे। इसका महिला ने विरोध किया और दोनों को मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इसको लेकर विवाद बढ़ा और दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।