गाय को गुड़ खिलाकर वापस चले गए मंत्री
मंत्री ने चक गंजरिया के निरीक्षण की औपचारिकता भर पूरी की।
बाराबंकी : पशुधन मत्स्य एवं दुग्ध विकास कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने जहांगीराबाद स्थित चक गजरिया का निरीक्षण किया। इस दौरान काऊ सेट जाकर गायों को गुड़ खिलाकर उनके रहन सहन की व्यवस्था देखी। हरा चारा, दूध उत्पादन के साथ लैब में भ्रूण प्रत्यारोपण की तकनीकी जानकारी ली।
थाना जहांगीराबाद के ठीक सामने बने मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट राजकीय पशुधन परिक्षेत्र (चक गजरिया) का दौरा करते हुए परिसर के बारे में विस्तृत से जानकारी ली। यहां मौजूद नौ सौ साहीवाल की नस्लों के बारे में जानकारी ली और दर्जन भर गायों को गुड़ सेब खिलाकर गौ सेवा की। इसके बाद भ्रूण प्रत्यारोपन लैब जाकर डॉक्टरों से जानकारी जुटाई।
नहीं पूरे किए निर्देश : 25 सितंबर 19 को कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने यहां औचक निरीक्षण के दौरान एलान किया था कि महज दो माह में यहां सोलर लाइट का बड़ा पावर हाउस लगाया जाएगा। जो देश का मॉडल होगा। गोबर गैस से सीएनजी गैस बनाने के साथ यह की सैकड़ों बीघा बंजर भूमि को जैविक खाद से खेती करके मिसाल कायम करेंगे। एलान के नौ माह बीत गए, लेकिन यहां घोषणा का कोई असर नहीं दिखा। इस बावत पत्रकारों के सवाल पर मंत्री ने चुप्पी साधकर लखनऊ रवाना हो गए।
नौ इकाइयों में दो का निरीक्षण:
चक गजरिया में कुल नौ इकाईयां करोड़ों की लागत से संचालित हैं। इसमें पशु धन मंत्री ने साहीवाल डेरी फार्म, भूर्ण प्रत्यारोपण प्रयोगशाला का निरीक्षण करके जलपान रूम तक लौट गए। अन्य इकाई, बायोगैस, प्लांट, इंसीलेटर जाना भूल गए जो बदहाल पोजिशन में पड़े हैं।