ईओ के निरीक्षण में गैरहाजिर मिले सात कर्मचारी
सार्वजनिक शौचालय में मिली गंदगी काटा वेतन
बाराबंकी : नगर पंचायत सिद्धौर में करीब दो करोड़ की लागत से बनवाए गए सार्वजनिक शौचालयों का नवागत अधिशाषी अधिकारी ने निरीक्षण किया। गंदगी पाए जाने पर सात कर्मचारियों का वेतन काटने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
नगर पंचायत के शौचालयों का हाल जानने के लिए नवागत अधिशाषी अधिकारी आदित्य प्रकाश ने नगर पंचायत के अम्बहट, नयापुरवा पश्चिम, कटरा, डोमन, गडहा, शेखन टोला, पूरे मक्का मालवीय नगर सहित 11 वार्डों में बनाए गए शौचालय देखे। अधिशाषी अधिकारी आदित्य प्रकाश ने बताया कि 12 शौचालय का निरीक्षण किया गया। यहां तैनात कोई भी कर्मचारी डयूटी पर नहीं मिला। शौचालय पर काफी गंदगी मिली। सात कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटा गया है। सिद्धेश्वर वार्ड में बना शौचालय अभी अधूरा है, तत्काल अधूरा काम पूरा कराने का आदेश ठेकेदारों को दिया गया है। कार्य पूरा होते ही चालू करा दिया जाएगा। शौचालय में तैनात कर्मचारियों से प्रतिदिन साफ-सफाई करने की हिदायत दी गई है। ताकि नगर वासियों को कोई दिक्कत न हो और नगर पंचायत खुले में शौच से मुक्त हो सके।