पुलिसकर्मियों और बंदियों ने किया योगाभ्यास
बाराबंकी जिला जेल में 150 पुरुष व 20 महिला बंदियों को शारीरिक दूरी का पालन कराते हुए योग कराया गया।
बाराबंकी : बीमारियों से बचने के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। इसमें योग की भूमिका कारगर है। शुक्रवार को पुलिस कर्मियों और जिला कारागार में बंदियों को योगाभ्यास कराया गया।
योग से अब खाकी फिट हो रही है। पुलिसकर्मी फिट रहे और चुस्त दुरुस्त रहें, इसके लिए पुलिस अधीक्षक ने पहल कर दी है। पुलिस लाइंस में अब प्रतिदिन पुलिस कर्मियों को योगा से अपने आप को फिट करना होगा। शुक्रवार को एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों के साथ योग किया और प्रतिरोधक बढ़ाने की जानकारी भी दी। पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविद चतुर्वेदी ने पुलिस लाइंस परेड ग्राउंड में शरीर को स्वस्थ रखने के लिए पुलिसकर्मियों के साथ योगाभ्यास किया। एसपी ने बताया कि प्रतिदिन योगाभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और शरीर भी फिट रहता है। योगाभ्यास से तमाम बीमारियां भी दूर हो जाती हैं। एसपी ने पुलिस लाइंस स्थित समस्त शाखाओं का भ्रमण कर निरीक्षण किया गया। यूपी 112 के वाहनों, मेस, भोजनालय का निरीक्षण कर संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पुलिस लाइंस परिसर को और अधिक स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।
उधर, जिला कारागार में योगा वेलनेस सेंटर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक डॉ. एसपी पाठक व योग सहायिका आरती शुक्ला ने कारागार में निरुद्ध करीब 150 पुरुष व 20 महिला बंदियों को शारीरिक दूरी का पालन कराते हुए योग कराया गया। इस दौरान रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, निरोग रहने व शरीर को स्वस्थ रखने वाले आसन कराए गए। जेल अधीक्षक आरके जायसवाल ने बंदियों को योग के माध्यम से स्वस्थ रहने के लिए किए गए प्रयास के लिए योग प्रशिक्षकों को धन्यवाद दिया। जेलर संतोष कुमार, डिप्टी जेलर राजेश कुमार वर्मा, आशुतोष मिश्रा, आशा पांडेय व अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।