शीतलहर के चलते और गिरा पारा, बढ़ी गलन
बाराबंकी शीतलहर के चलते सर्दी का पारा मंगलवार को और गिर गया व गलन भी बढ़ी है। इससे ज
बाराबंकी : शीतलहर के चलते सर्दी का पारा मंगलवार को और गिर गया व गलन भी बढ़ी है। इससे जनजीवन बेहाल है। दोपहिया वाहनों से लंबी दूरी का आवागमन करना मुश्किल है। सर्दी और बढ़ने के आसार हैं।
मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5.6 व अधिकतम 13.8 डिग्री सेल्सियस रहा। उपकृषि निदेशक शोध वीके वर्मा ने बताया कि गेहूं की फसल के लिए सर्दी लाभकारी है। अभी सर्दी और बढ़ने के आसार हैं। अन्य फसलों में सरसों व आलू को सर्दी से नुकसान हो सकता है। आलू में पटका रोग लग रहा है।
दिहाड़ी श्रमिकों के सामने जीविका का संकट : सर्दी बढ़ने से दिहाड़ी श्रमिकों व रिक्शा चालकों के सामने जीविका का संकट है। पटरी दुकानदार भी सर्दी से परेशान हैं। सतरिख नाका व छाया चौराहा के निकट सुबह श्रमिक मंडी लगती है। सर्दी के चलते इस समय श्रमिकों को काम बहुत कम मिलता है। श्रमिक रामदास ने बताया कि 20 किलोमीटर दूर गांव से वह साइकिल से किसी तरह मजदूरी के लिए आया था जिनके घर में काम लगा था वहां सर्दी के चलते मिस्त्री नहीं आया। ऐसे में हमारा भी काम छूट गया। सरकारी कंबल में नहीं दूर हो रही सर्दी : जिला चिकित्सालय के सरकारी कंबलों में मरीजों की सर्दी दूर नहीं हो पा रही। मरीजों के लिए उनके तीमारदार घर से कंबल व रजाई लेकर आते हैं। कंबल भी पुराने हैं। कुछ कंबल तो फटने भी लगे हैं। जिला चिकित्सालय में हीटर दान किया : आल इंडिया पयामे इंसानियत फोरम संस्था की ओर से जिला चिकित्सालय के मरीजों को सर्दी से राहत दिलाने के लिए ब्लोवर व हीटर प्रदान किया गया। सीएमएस डा. बृजेश कुमार ने संस्था के मुख्य कार्यकर्ता मुफ्ती एम. राशिद कासमी सहित अन्य का आभार जताया। हाफिज फरीद, फराज आलम खान, मो. सादिक नदवी मौजूद रहे। अलाव जलवाने की मांग : बंकी की सामाजिक कार्यकर्ता शाइस्ता अख्तर ने सर्दी को देखते हुए सार्वजनिक स्थानों पर दिन में अलाव जलवाए जाने की मांग डीएम से की है। शाइस्ता का कहना है कि पिछले महीने जितना तापमान रात का होता था उतना इस समय दिन में हो रहा है।