जल्द बहाल होंगी कोरोना काल में बंद स्वास्थ्य सेवाएं
प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने सोमवार को जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। करीब 45 मिनट रूके मंत्री ने चिकित्सालय की सर्जन ओपीडी कक्ष के साथ अल्ट्रासाउंड कक्ष का भी हाल देखा। साथ ही ट्रामा सेंटर में भर्ती मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कोरोना काल में बंद चल रही आवश्यक चिकित्सा सुविधा जल्द शुरू होने की बात कही।
बाराबंकी: प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने सोमवार को जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। करीब 45 मिनट रूके मंत्री ने चिकित्सालय की सर्जन ओपीडी कक्ष के साथ अल्ट्रासाउंड कक्ष का भी हाल देखा। साथ ही ट्रामा सेंटर में भर्ती मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कोरोना काल में बंद चल रही आवश्यक चिकित्सा सुविधा जल्द शुरू होने की बात कही। सबसे पहले वे आउटडोर में सर्जरी ओपीडी देखने पहुंचे। इसके बाद हड्डी की ओपीडी, नाक, कान गला कक्ष और अल्ट्रासाउंड व एक्सरे कक्ष का निरीक्षण किया। इसके बाद एंटी रैबीज वैक्सीन काउंटर देखा। यहां से वे सीधे इमरजेंसी पहुंचे। यहां पर मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी सीएमएस डॉ. एसके सिंह से प्राप्त की। मरीजों से बात भी की। मरीजों ने बताया कि दवाएं समय से मिल रही है। सफाई व्यवस्था से वह संतुष्ट नजर आए। मंत्री ने चिकित्सालय प्रशासन को नित्य साफ सफाई के निर्देश दिए। सिद्धार्थनगर से लखनऊ लौटते समय सुबह करीब सवा नौ बजे पहुंचे मंत्री करीब दस बजे रवाना हुए। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जो चिकित्सकीय सुविधाएं बंद हुई है वे जल्द शुरू कराई जाएंगी। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. रमेश चंद्र, सीएमएस डॉ. एसके सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके शुक्ला आदि मौजूद रहे।