भोजन पाकर तीमारदारों को मिली राहत
भोजन पाकर तीमारदारों को मिली राहत
बाराबंकी : केदारनाथ सेवा समिति से जुड़े लोग निरंतर भोजन वितरण का कार्य शहर में कर रहे हैं। रविवार को समिति के सदस्यों ने न सिर्फ जरूरमंद पहले से चिन्हित लोगों को भोजन के पैकेट बांटे बल्कि जिला चिकित्सालय व महिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों के तीमारदारों को भी भोजन वितरित किया।
दूर-दराज अंचल से आए तमाम तीमारदार ऐसे हैं जो लॉक डाउन में गांव से मरीजों व प्रसव वाली महिलाओं के साथ आए हैं लेकिन यहां भोजन व चाय-नाश्ता भी नहीं मिल पा रहा क्योंकि चाय-नाश्ता वाले होटल, ढाबे सभी बंद हैं। मरीजों को अस्पताल की ओर से भोजन मिल रहा है लेकिन तीमारदारों को नहीं। जिला महिला चिकित्सालय के सामने ही जीआइसी के ऑडीटोरियम में केदारनाथ सेवा समिति की ओर से भोजन बनवाया जाता है। तीमारदारों की समस्या भी समिति के पदाधिकारियों तक पहुंची तो रविवार को समिति के पदाधिकारी व सदस्य भोजन वितरण करने पहुंचे। इसके अलावा सदस्यों ने कांशीराम कालोनी जाकर वहां के उन जरूतमंद परिवारों को भोजन दिया जो लॉक डाउन के दौरान काम न मिलने से परेशान हैं।
रामसनेहीघाट के तहसीलदार तपन मिश्र ने भी अपने क्षेत्र के ग्राम पूरेबाबा मजरे किठूरी सहित कई स्थानों पर जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नेता राजा कासिम ने शहर के कटरा व पीरबटावन में जरूरतमंदों के घरों में राशन वितरित किया।
सीएम सहायता कोष में दी धनराशि
संवादसूत्र, बाराबंकी: कोरोना वायरस कोविड-19 के संक्रमण काल में मदद के लिए जिला कारागार प्रशासन ने सहायता धनराशि मुख्यमंत्री पीड़ित सहायता कोष में जमा कराई है। जेल अधीक्षक आरके जायसवाल ने बताया कि स्वयं के साथ जिला कारागार के जेलर, डिप्टी जेलर व अन्य कर्मचारियों की ओर से वेतन के समतुल्य कुल धनराशि एक लाख 21 हजार पांच सौ मुख्यमंत्री पीड़ित सहायता कोष में जमा की गई है।