सैनिटाइजर से अभिनंदन, रोली से किया चंदन
करीब 11 माह बाद खुले प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों का सैनिटाइज कराकर अभिनंदन किया गया। स्कूल द्वार पर शिक्षकों ने उनका रोली से चंदन किया गया। कई स्थानों पर ढोल-मंजीरे बजाकर उनका स्वागत किया।
बाराबंकी : करीब 11 माह बाद खुले प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों का सैनिटाइज कराकर अभिनंदन किया गया। स्कूल द्वार पर शिक्षकों ने उनका रोली से चंदन किया गया। कई स्थानों पर ढोल-मंजीरे बजाकर उनका स्वागत किया। बच्चों का पहला दिन खेलकूद और स्कूल की बदली तस्वीर को निहारने में बीता। कई स्कूलों को गुब्बारे आदि से सजाया भी गया। कोरोना के ²ष्टिगत बच्चों को शारीरिक दूरी का पालन करते हुए बिठाया गया।
शहर के प्राथमिक विद्यालय मोहारी का पुरवा में शिक्षिका रुचि वर्मा, प्रियंका मिश्रा, रीना वर्मा ने बच्चों का टीका लगाकर स्कूल में प्रवेश दिया। दरियाबाद के इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय मिरकापुर को गुब्बारों से सजाया गया। बच्चों के विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाध्यापिका ममता सिंह ने फीता काटकर पठन-पाठन शुरू कराया। यहां पर बच्चों के मस्तक पर रोली का चंदन किया गया। प्राथमिक विद्यालय महदीपुर में सैनिटाइजर के बाद बच्चों को प्रवेश दिया गया। रहिमापुर में 16 बच्चे आए, जिन्हें स्मार्ट टीवी पर पढ़ाया गया। देवा ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों में उत्सव जैसा माहौल रहा। प्राथमिक विद्यालय सिसवारा, कुसम्भा, मुजीबपुर, मैनाहार, सरैयां, अटवटमऊ, सलारपुर, पवैयाबाद आदि विद्यालयों में बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। विशुनपुर : फतेहपुर के प्राथमिक विद्यालय बड़ावा में 'आओ फिर चले स्कूल' कार्यक्रम मनाया गया। बीईओ गौतम प्रकाश ने उत्सव का शुभारंभ किया। वहीं अमोलीकला स्थित बालाजी चिल्ड्रेन स्कूल में बच्चों का पहला दिन खेल-खेल में गुजरा। बनीकोडर के प्राथमिक विद्यालय पूरे अमठिया प्रधानाध्यापक आजाद सिंह व सहायक अध्यापक मुनेंद्र सिंह ने अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया।
मास्क लगाकर पहुंचे बच्चे, फलों का भी वितरण
रानीबाजार : कंपोजिट स्कूल अमदहा में छह बच्चे आए थे। बच्चों को एमडीएम के अनुसार रोटी-सब्जी व फल वितरित किया गया। हैदरगढ़ : प्राथमिक विद्यालय हैदरगढ़ में कोविड-19 का पालन करते हुए कक्षा एक में चार व कक्षा पांच में तीन बच्चे मास्क लगाकर स्कूल आए। स्कूल आने पर पुष्प वर्षा व फल देकर प्रधानाध्यापिका रीना सिंह ने स्वागत किया। सुबेहा : प्राथमिक विद्यालय सुबेहा के प्रधानाचार्य आनंद मिश्रा ने बताया कि विद्यालय में सभी बच्चों को मास्क व सैनिटाइजर दिया गया है। रामसनेहीघाट के कंपोजिट विद्यालय अमहिया में 11 बच्चे मास्क लगाए हुए बैठे मिले।
इनसेट : बंद रहा विद्यालय
अहमदपुर : बनीकोडर के प्राथमिक विद्यालय राघौपुर में सुबह नौ बजकर 20 मिनट पर ताला बंद था। करीब छह बच्चे विद्यालय आकर फर्श पर बैठे थे। प्राथमिक विद्यालय जगदीश पुर में सभी अध्यापक आए थे। यहां पर 175 बच्चे पंजीकृत है। 51 बच्चे आए थे। प्रधानाध्यापक उमेश कुमार ने बच्चों को मास्क देकर थर्मल स्क्रीनिग की। -----------
फैक्ट फाइल प्राथमिक विद्यालय : 2170
पंजीकृत बच्चे : दो लाख 86 हजार
पहले ही दिन आए बच्चे : करीब 33 हजार