ईदगाह पर पुलिस रही मुस्तैद, घरों में अदा की गई नमाज
प्रेम व भाईचारों का प्रतीक ईद का पर्व जिले में अमन के साथ मनाया गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने घरों में नमाज अदा कर मुल्क की तरक्की व कोरोना वायरस से मुक्ति की दुआ मांगी।
बाराबंकी : लॉकडाउन के चलते ईद का पर्व मुस्लिम समाज के लोगों ने घरों में नमाज अदा कर मनाया। साथ ही मुल्क की तरक्की व कोरोना वायरस से मुक्ति की दुआ मांगी।
शहर स्थित ईदगाह मैदान में सोमवार की सुबह से ही सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस फोर्स की तैनाती की गई थी। शांति व्यवस्था के मद्देनजर ईदगाह व अन्य मस्जिदों के आसपास प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस टीम मुस्तैद रही। लोगों ने परिवार के सदस्यों के साथ घरों में नमाज अदा कर मुल्क की तरक्की व अमन चैन की दुआ मांगी। शारीरिक दूरी का पालन करने के लिए अधिकांश लोगों ने गले मिलने की बजाए दूर-दूर से दुआ सलाम कर एक दूसरे को ईद पर्व की बधाई दी। शहर के ईदगाह के इमाम मौलाना अबूजर ने पहले ही घरों में ईद पर्व मनाने के लिए लोगों से अपील की थी।
हैदरगढ़ : हॉटस्पॉट के चलते इस बार कस्बा के रोजेदारों ने मस्जिद के बजाय घर में नमाज अदा करके ईद मनाई। कोतवाली पुलिस का कस्बा की मस्जिदों के बाहर कड़ा पहरा रहा। इस बार प्रशासन भी चौकन्ना रहा।