421 विभागों को भेजी गई ड्यूटी स्लिप
डीआरडीएम में दिनभर विभागवार अलग-अलह होती रहीं ड्यूटी स्लिप

बाराबंकी : विधानसभा चुनाव कराने को लेकर मंगलवार को डीएआरडीए में मतदान कार्मिकों की ड्यूटी को विभागवार अलग-अलग किया गया। परियोजना निदेशक भोलानाथ कनौजिया ने अपनी मौजदूगी में दिनभर छंटनी कराकर शाम पांच से देर रात तक लगभग 421 विभाग के अधिकारियों को बुलाकर ड्यूटी स्लिप का वितरण कराया। लगभग 14 हजार 711 लोगों की ड्यूटी लगी है।
डीआरडीए सभागार में कुरैश अहमद, विष्णु कुमार वाजपेई, सगीर नूरी, संजीव कुमार श्रीवास्तव, मुनेश्वर प्रसाद, मंशाराम आदि कर्मचारियों ने मंगलवार को विभागवार बंडल तैयार किया। उधर, जिला विज्ञान केंद्र प्रभारी संजय शर्मा के नेतृत्व में ड्यूटी स्लिप कंप्यूटर से प्रिट की जा रही थी। देर रात सभी विभागों के अधिकारियों को चुनाव में लगे मतदान कार्मिकों की ड्यूटी स्लिप दे दी गई।
प्रशासन के पास रखा गया बैकअप :
आयोग के पोर्टल पर 421 विभागों के लगभग साढ़े 23 हजार कर्मचारियों की फीडिग की गई थी। प्रत्येक बूथ पर पीठासीन अधिकारी, प्रथम, द्वितीय और तृतीय मतदान अधिकारी लगाए गए हैं। कोविड ड्यूटी में लगे सभी स्वास्थ्यकर्मियों को चुनाव से मुक्त रखा गया। प्रभारी अधिकारियों का स्टाप भी नहीं लगाया गया है। दिव्यांग, गर्भवती, सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को भी ड्यूटी मुक्त रखा गया है।
कोविड पाजिटिव होने पर सात दिन बाद करनी होगी ड्यूटी :
कई कर्मचारियों ने पिछले पंचायत चुनाव में अपने को कोविड पाजिटिव दिखाकर चुनाव से अलग कर लिया था। इस बार यह बहाना नहीं चलेगा। परियोजना निदेशक भोलानाथ कनौजिया ने बताया कि शासन के कोविड गाइड लाइन के अनुसार पाजिटिव आने के सात दिन तक होम आइसोलेट हो सकते हैं। ऐसे में कोविड पाजिटिव व्यक्ति को सिर्फ सात दिन की मोहलत दी जाएगी। इसके बाद ड्यूटी करनी होगी।
पहले प्रशिक्षण में सभी को आना है :
प्रशिक्षण एक फरवरी से चार फरवरी तक है। ऐसे में सभी कार्मिकों को प्रशिक्षण में आना है। इस बार ड्यूटी न करने वाले कार्मिकों के घर पुलिस भी जा सकती है।
----------
फैक्ट फाइल
जिले में कुल मतदान स्थल-2829
विधानसभा चुनाव में लगेंगे कार्मिक-11,316
अतिरिक्त कार्मिकों की संख्या-1,131
कुल कार्मिकों की संख्या-12,949
पीठासीन अधिकारियों की संख्या-3,112
प्रथम मतदान अधिकारी-3,112
द्वितीय और तृतीय मतदान अधिकारी-6,224
Edited By Jagran