बेनी बाबू पंचतत्व में विलीन, अंत्येष्टि स्थल पर बनाए गए चूने से गोले
पंचतत्व में विलीन हुए बेनी बाबू
बाराबंकी : समाजवादी पार्टी के नेता राज्य सभा सदस्य पूर्व केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा का अंतिम संस्कार शनिवार की दोपहर लखनऊ-अयोध्या मार्ग किनारे उनके पिता के नाम से संचालित मोहन लाल वर्मा डिग्री कॉलेज परिसर में हुआ। लॉक डाउन के बावजूद काफी संख्या में लोग अंतिम संस्कार में पहुंचे। हजारों लोग चाह कर भी अपने नेता के अंतिम दर्शन नहीं कर सके। पुलिस ने अंत्येष्टि स्थल की ओर जाने वाले सभी रास्तों की नाकेबंदी कर दी थी। रामनगर तिराहा, लिप्रोसी मिशन हॉस्पिटल के पास हाईवे पर बस स्टेशन के निकट बाइपास रास्ते पर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।
कंपनी बाग स्थित उनके आवास पर शव को रात में ही ले आया गया। सुबह से ही उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लग गया। डीएम डॉ. आदर्श सिंह ने भी पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
परिवारजन व प्रशासन की ओर से आने वालों में शारीरिक दूरी एक मीटर बनी रहे इसके लिए चूने से गोले बनाए गए थे। करीब 11 बजे उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। शव के साथ जो लोग पहुंच गए उसके बाद पुलिस ने लोगों को जाने से रोका। हालांकि अंत्येष्टि स्थल पर शारीरिक दूरी बनाए रखने के इंतजाम किए गए थे। रेडक्रॉस सोसाइटी के जिला सचिव प्रदीप सारंग आगंतुकों को गोले में खड़े होकर शारीरिक दूरी बनाए रखने के लिए प्रेरित करते दिखे। एसडीएम सदर अभय कुमार पांडेय व सीओ सिटी सुशील प्रताप सिंह पूरे समय मौके पर शारीरिक दूरी बनाए रखने के लिए लोगों से अनुरोध करते रहे। मुखाग्नि बेनी बाबू के बड़े पुत्र पूर्व कारागार मंत्री राकेश वर्मा ने दी। वे भी कोरोना वायरस नियंत्रण के तहत दिए गए सरकारी निर्देशों का पालन करने के लिए लोगों को न सिर्फ प्रेरित किया बल्कि स्वयं भी मॉस्क लगाए रहे।
अंत्येष्टि स्थल पर जब बेनी बाबू के पार्थिव शरीर को ले जाया जा रहा था लोग 'जब तक सूरज चांद रहेगा बेनी बाबू का नाम रहेगा।' 'बेनी बाबू अमर रहें' के नारे बुलंद करते दिखे।
सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम, भाजपा नेता सांसद उपेंद्र सिंह रावत, विधायक रामनगर शरद अवस्थी, विधायक दरियाबाद सतीश चंद्र शर्मा, विधायक हैदरगढ़ बैजनाथ रावत, विधायक बछरावां रामनरेश रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, भाजपा नेता सुधीर कुमार सिंह सिद्धू, सदर विधायक धर्मराज यादव, पूर्व सांसद राम सागर रावत, शहाब खालिद, चौधरी अदनान, मो. सबाह श्रद्धांजलि देने पहुंचे।