रेलिगविहीन पुल से नहर में गिरा बाइक सवार
पत्नी-बचे के साथ घर लौट रहा था बाइक सवार। गांव के पास शारदा सहायक नहर पुल पर हुआ हादसा। अभी तक युवक को नहीं खोजा जा सका है।
बाराबंकी : शारदा सहायक नहर का रेलिग विहीन पुल हादसों की वजह बनता जा रहा है। सोमवार को नहर विभाग की लापरवाही के कारण परिवार के साथ बाइक से घर लौट रहा युवक रेलिग विहीन पुल से बाइक समेत नहर में जा गिरा। अभी तक युवक को नहीं खोजा जा सका है।
दरियाबाद थाने के सेमौर गांव निवासी महेश कुमार सिंह उन्नाव में एक फैक्ट्री में सुपरवाइजर है। उन्नाव से पत्नी ममता सिंह व पांच वर्षीय बच्चे अभिनव के साथ रायबरेली के राजापुर गया था। ससुराल से परिवार के साथ बाइक से घर के लिए निकला। गांव के पास ही शारदा सहायक नहर के पुल पर गड्ढा होने के कारण बाइक को पूर्व दिशा में घुमाया। गड्ढे से बचाते हुए आगे बढ़ा ही था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो के चालक ने हॉर्न बजा दिया। इस कारण युवक की बाइक अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित हुई बाइक में झटका लगने से पुल के ऊपर ही पत्नी व बेटा गिर गया, पर युवक बाइक को संभाल नहीं सका और सीधे नहर में जा गिरा। नहर में गिरते ही महिला ने गोहार लगाई। राहगीर व ग्रामीण नहर में युवक को खोजने को उतर पड़े। काफी वक्त बीतने के बाद भी युवक का पता नहीं लग सका है। पुलिस ने नहर से बाइक बरामद कर ली है। खोजने को गांव के दो दर्जन लोग नहर में कूदे : प्रशासन की लचर व्यवस्था एक बार फिर देखने को मिली। नहर में गिरे बाइक समेत युवक की सूचना पर पीआरवी के बाद थाने की पुलिस पहुंची, पर सभी खाली हाथ थे। करीब दो घंटे बाद तक प्रशासन गोताखोर का इंतजाम नहीं कर पाया। युवक को खोजने के लिए गांव समेत आसपास के करीब दो दर्जन तैराक लोग नहर में कूद पड़े। नहर में कूदे लोग लगातार युवक की तलाश में नहर में जुटे हैं, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका है।