तीरंदाजी में अनीता व शत्रोहण ने बाजी मारी
तीरंदाजी में अनीता व शत्रोहण ने बाजी मारी
बाराबंकी : दसवीं वाहिनी पीएसी परिसर में चल रही पीएसी मध्यजोन की सातवीं पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता के तीसरे दिन विभिन्न वर्गों के खेल मुकाबले हुए। इसमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।
तीरंदाजी महिला वर्ग की 50 मीटर व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा में मेरठ जोन की खिलाड़ी अनीता पौडवाल ने 152 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसमें कानपुर जोन की शिल्पी ने 137 अंकों के साथ दूसरा व प्रयागराज जोन की सोनल सिंह ने 131 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग 50 मीटर व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा में पीएसी मध्यजोन के शत्रोहण कुमार ने बाजी मारी। शत्रोहण ने 153 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। पीएसी मध्यजोन के अमित कुमार ने 145 अंकों के साथ दूसरा, कमलेश यादव ने 141 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण मंगलवार को होगा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि डीआइजी पीएसी अयोध्या अनुभाग अनिल कुमार होंगे।
सह आयोजन सचिव एवं सेनानायक 10वीं वाहिनी पीएसी राजेश कृष्ण, सैन्य सहायक ताहिर हुसैन, सूबेदार सैन्य सहायक राजपति यादव, सहायक शिविरपाल देवेंद्र कुमार मौर्य आदि मौजूद रहे।