प्रधान के तीन रिक्त पदों पर सात नामांकन
प्रधान के तीन रिक्त पदों पर सात नामांकन
बाराबंकी : ग्राम पंचायतों में रिक्त पदों पर उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी हो गई। प्रधान के रिक्त पदों पर सात नामांकन हुए हैं। इसमें से एक प्रधान और एक बीडीसी पद का चुनाव निर्विरोध होगा। यहां सिर्फ एक-एक ही नामांकन होना है। जिले में 60 पद ग्राम सदस्यों के रिक्त हैं, जिन पर सिर्फ दो नामांकन ही हुए हैं, 58 पद रिक्त ही रह जाएंगे।
सहायक निर्वाचन अधिकारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि फतेहपुर के ग्राम पंचायत कीरतपुर में अल्का राज ने नामांकन किया है, यहां सिर्फ एक ही नामांकन हुआ है, इसलिए यह चुनाव निर्विरोध माना जा रहा है। जबकि, रामनगर के क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) पद पर सिलौरा वार्ड से राजेंद्र ने नामांकन किया है। यहां भी उपचुनाव निर्विरोध होगा। विकास खंड पूरेडलई में प्रधान पद पर चार नामांकन हुए हैं। दरियाबाद ब्लॉक की खजुरी ग्राम पंचायत में प्रधान पद के लिए होने वाले उप चुनाव के लिए शुक्रवार को दो उम्मीदवारों ने नामांकन किया। अब तक तीन नामांकन हुए। धीरेंद्र बहादुर सिंह, शैलेंद्र सिंह, रामशंकर चुनाव मैदान में हैं। पंचायतों के रिक्त 60 पदों पर सिद्धौर में दो और रामनगर में एक नामांकन हुआ है। 57 पदों पर किसी ने भी नामांकन नहीं किया है, इसलिए यह पद खाली ही रह जाएंगे।
तीन फरवरी को मतदान : 27 जनवरी को सुबह दस बजे से कार्य समाप्ति तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। 28 को पर्चा वापसी और प्रतीक आवंटन का कार्य होगा। तीन फरवरी को सुबह आठ बजे से लेकर शाम पांच बजे तक मतदान होगा। पांच फरवरी को सुबह आठ बजे से मतगणना की जाएगी।