दस फीट लंबे मिले मगरमच्छ और अजगर, मचा हड़कंप
बीते एक माह से लुकाछिपी कर रहे मगरमच्छ को बुधवार सुबह आखिरकार पीआरवी पुलिस व वन विभाग की संयुक्त टीम ने ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया। घंटों चले आपरेशन के बाद मगरमच्छ हाथ आ सका।
बाराबंकी : बीते एक माह से लुकाछिपी कर रहे मगरमच्छ को बुधवार सुबह आखिरकार पीआरवी पुलिस व वन विभाग की संयुक्त टीम ने ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया। घंटों चले आपरेशन के बाद मगरमच्छ हाथ आ सका। वन विभाग की टीम मगरमच्छ को रेंज आफिस ले गई जहां से उसे सरयू नदी में छोड़ दिया गया। वहीं, लोनीकटरा के ककरी गांव में दस फीट लंबा अजगर निकलने से हड़कंप मच गया।
करीब एक माह पहले कुर्सी के पोखन्नी गांव के लोगों ने खेतों में दस फीट लंबा मगरमच्छ देखा था। लेखपाल समेत वन विभाग की टीम पहुंच तो मशक्कत के बाद भी मगरमच्छ हाथ नहीं आया। इससे पोखन्नी व दरावां गांव के ग्रामीण भयभीत थे। बुधवार भोर करीब चार बजे खेतों के लिए निकले ग्रामीणों को रास्ते में फिर मगरमच्छ दिखा। ग्रामीणों से मिली सूचना पर पुलिस ने वन विभाग को जानकारी दी। अंधेरा होने के चलते पुलिस घंटों मगरमच्छ पर नजर रखते हुए रोशनी होने तक का इंतजार किया। इसके बाद पीआरवी व वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ को पकड़ने का आपरेशन शुरू किया। घंटों चली कसरत के बाद मगरमच्छ को जाल में फंसाकर पकड़ लिया गया। वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को देवा स्थित रेंज दफ्तर ले गई। वन दरोगा मनोज यादव ने बताया कि मगरमच्छ को सरयू नदी में छोडने के लिए भेजा गया है।
त्रिवेदीगंज : लोनीकटरा के ककरी गांव के मकरंद के खेत में बुधवार सुबह धान काटने गये मजदूरों ने विशालकाय अजगर देखा। दहशत में मजदूरों ने धान कटाई छोड़ भाग खड़े हुए। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने अजगर पकड़ा। वन दारोगा अभय गौतम का कहना है कि करीब 10 फीट लंबा अजगर था, जिसे पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया है।