युवक ने खुद को तमंचे से सीने में मार ली गोली
बहन की मौत से मानसिक रूप से परेशान युवक ने खुद को तमंचे से सीने में गोली मार ली। सुबह घर के बरामदे में चारपाई के नीचे उसका खून से लथपथ शव देख मां ने गुहार लगाई। सूचना पर पुलिस ने फोरेंसिक टीम व डॉग स्कावयड के साथ मौके पर जांच पड़ताल की। संदिग्ध दशा में हुई मौत को पुलिस आत्महत्या मान रही है।
जागरण संवाददाता, बांदा : बहन की मौत से मानसिक रूप से परेशान युवक ने खुद को तमंचे से सीने में गोली मार ली। सुबह घर के बरामदे में चारपाई के नीचे उसका खून से लथपथ शव देख मां ने घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने फारेंसिक टीम व डॉग स्क्वाड के साथ मौके पर जांच की।
बदौसा थाना क्षेत्र के उतरवां गांव निवासी 23 वर्षीय नीरज तिवारी ने सोमवार को रात में 315 बोर तमंचे से खुद को गोली मार ली। स्वजनों को इसकी रात में भनक नहीं लगी। सुबह मां मालती बरामदे में गई तो नीरज का खून से लथपथ शव चारपाई के नीचे पड़ा मिला। चारपाई पर बिछा गद्दा खून से सना था। नीचे जमीन पर भी काफी खून पड़ा मिला। चारपाई में 315 बोर देसी तमंचा भी पड़ा मिला। परिजनों की सूचना पर बदौसा थानाध्यक्ष नरेश प्रजापति मौके पर पहुंचे और तफ्तीश की। फारेंसिक टीम व डॉग स्क्वाड भी घटनास्थल पर पहुंची और पड़ताल में जुट गई। पिता मूलचंद ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। छह माह पहले नीरज की बहन ने ससुराल में आत्महत्या कर ली थी। तब से वह व उसकी मां मालती मानसिक रूप से परेशान रहते थे। सोमवार को भी वह बेहद तनाव में था और खाना भी नहीं खाया था। पिता ने बताया कि नीरज दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई धीरज यहीं पढ़ाई करता है। नीरज पढ़ाई छोड़कर बाहर परदेस में मजदूरी करता था। एक वर्ष से वह घर में रहता था। थानाध्यक्ष नरेश प्रजापति का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।