सड़क हादसे में तड़पी महिला, लोगों ने किया हाईवे जाम
जागरण संवाददाता बांदा झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राज
जागरण संवाददाता, बांदा : झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवरटेक करने में बाइक बेकाबू होकर महिला को टक्कर मारने के बाद पानी भरी खंती में गिर गई। पानी में गिरने से बाइक सवार दो युवक डूबने लगे। जिन्हें ग्रामीणों ने बाहर निकाला। इधर, घायल महिला को इलाज के लिए एंबुलेंस आने में देरी होने पर ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाया और महिला को अस्पताल लेकर पहुंची।
गिरवां थाना क्षेत्र के ग्राम बरसड़ा खुर्द के पास बुधवार दोपहर चित्रकूट से आ रहे बाइक सवार तीन युवक कार को ओवरटेक कर रहे थे। रफ्तार अधिक होने से बाइक अनियंत्रित हो गई। टक्कर से बचने के चक्कर में बाइक महुआ गांव निवासी जमुना पत्नी भाऊराम से टकरा गई। इसके बाद बाइक पानी भरी खंती में गिर गई। हादसे के बाद एक युवक भाग गया, जबकि दो युवक पानी में डूबने लगे। जिन्हें लोगों ने बाहर निकाला। गंभीर घायल महिला को अस्पताल भेजने के लिए एंबुलेंस को फोन किया पर काफी देर बाद भी वह नहीं पहुंची। गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया। डायल 112 के कर्मियों ने महिला को किसी तरह जिला अस्पताल पहुंचाया। चौकी इंचार्ज खुरहंड संजय सिंह ने ग्रामीणों को समझाकर हाइवे से हटाया। करीब एक घंटे बाद वाहनों का आवागमन शुरू हो सका। चौकी इंचार्ज ने बाइक अपने कब्जे में ली है।