सूखे बुंदेलखंड के हाईवे पर रोज बहता हजारों लीटर पानी
संवाद सूत्र बदौसा सूखे बुंदेलखंड में पानी भी किस कदर बर्बाद होता है इसकी बानगी झांसी-मीरज
संवाद सूत्र, बदौसा : सूखे बुंदेलखंड में पानी भी किस कदर बर्बाद होता है, इसकी बानगी झांसी-मीरजापुर हाईवे पर रोज ही नजर आती है। थाने के पास ही हजारों लीटर पानी बहता रहता है। हाईवे पर बड़ा गड्ढा हो गया है, किनारे जलभऱाव हमेशा बना रहता है। गड्ढा कब हादसे का सबब बन जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता है। पानी बहने की वजह पाइप लाइन लीकेज है। लंबे समय से चली आ रही समस्या की शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार मौन साधे हैं। पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी चुप्पी साधे हैं।
हाईवे पर करीब तीन माह से चली आ रही पाइप लाइन लीकेज की समस्या दूर नहीं हो पा रही है। घरों के बजाए पेयजल सड़क पर बहता रहता है। स्थानीय राहुल तिवारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष नवीन जैन, शाहनवाज शानू, व्यापारी नीरज, शूरसेन आदि ने बताया कि तुर्रा कस्बे से बदौसा में पाइपलाइन के जरिए पेयजलापूर्ति की जाती है। पिछले कई महीनों से पाइप लाइन लीकेज है। इसके चलते हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। इसी कारण संबंधित मोहल्लों में बराबर जलापूर्ति भी नहीं हो पा रही है। लोगों ने कहा कि नेशनल हाईवे के बीच रोड पर बड़े गड्ढे के चलते कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। अगर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो यहां पर कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।