चार माह पहले हुई थी शादी, फंदे से लटक दे दी जान
संवाद सूत्र बदौसा भुसासी गांव में चार माह पहले ब्याह कर आई नवविवाहिता ने फंदे से लटक
संवाद सूत्र, बदौसा : भुसासी गांव में चार माह पहले ब्याह कर आई नवविवाहिता ने फंदे से लटक जान दे की। घटना सोमवार दोपहर उस समय की है, जब पति भैंस को चराने गया था और सास व ननद गांव में ही एक घर में पूजन में शामिल होने गई थीं। शाम को स्वजन लौटे तो घटना का पता चला। पुलिस का कहना है कि मायके पक्ष से जैसी तहरीर दी जाएगी, उसी आधार पर कार्रवाई होगी।
भुसासी गांव निवासी अंबिका प्रसाद पाल पुत्र स्व.मातादीन पाल घऱ का इकलौता चिराग है। उसकी शादी चार माह पहले पैलानी थाना क्षेत्र के गुरगवां गांव निवासी शिवपतिया के साथ हुई थी। अंबिका सोमवार दोपहर भैंस चराने के लिए खेत चला गया। मां चतुर्थी देवी और ननद ममता संतान सप्तमी की पूजा करने गांव में ही एक घर में चली गईं। शाम करीब चार बजे लौटीं तो दरवाजा अंदर से बंद था।
पड़ोसी के घर से किया प्रवेश
बहू को आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिलने पर चतुर्थी देवी को अनहोनी की आशंका हुई। पड़ोसियों को जानकारी दी। जिसके बाद पड़ोसी के घर से अंदर प्रवेश कर मुख्य दरवाजा खोला। कमरे में पंखे के हुक से शिवपतिया का फंदे से लटका शव देख चीख निकल गई। ममता ने बताया कि चार माह पहले 23 अप्रैल का शादी हुई थी।
शादी के बाद तीसरी बार आई थी ससुराल
शिवपतिया शादी के बाद तीसरी बाद ससुराल आई थी। रक्षाबंधन के बाद पति विदा कराकर लाया था। पैलानी थाना क्षेत्र के गुरगवां स्थित मायके पक्ष को सूचना दी गई। ससुरालीजन आत्मघाती कदम उठाने की कोई वजह नहीं बता सके। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।