नहर में डूबी किशोरी, गोताखोरों ने शुरू की तलाश
संवाद सहयोगी अतर्रा ग्राम गोखिया निवासी किशोरी खेत से चारा काटकर मां संग लौट रही थी। तभ
संवाद सहयोगी अतर्रा : ग्राम गोखिया निवासी किशोरी खेत से चारा काटकर मां संग लौट रही थी। तभी पैर फिसलने से केन नदी में गिर गई। मां की चीख पुकार सुन पहुंचे ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन सुराग नहीं लगा। सूचना पर पहुंची थानापुलिस ने गोताखोरों से खोजबीन शुरू कराई। देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चला।
ग्राम गोखिया निवासी छोटा खान की 13 वर्षीय पुत्री शहनाज मां कल्ली के साथ साइकिल से खेतों में चारा काटने गई थी। जहां से शाम को वापस लौट रही थी। गांव किनारे निकली केन नहर के नजदीक आने पर मां साइकिल से उतर गईं। शहनाज साइकिल से नहर पटरी किनारे जा रही थी। तभी पीछे मुड़कर मां को देखने लगी संतुलन बिगड़ने पर साइकिल अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। पुत्री के नहर में गिरते ही मां ने चीख पुकार मचाई। आसपास लोगों के न होने पर लगभग 15 मिनट की देरी से पहुंचे ग्रामीणों ने नहर में कूदकर किशोरी को खोजने का प्रयास किया। ग्रामीणों की सूचना पर लगभग आधे घंटे बाद पहुंची थाना पुलिस ने गांव के तैराकों के अलावा आधा दर्जन गोताखोरों की मदद से नहर में जाल डलवाकर खोजबीन शुरू की। रात आठ बजे तक किशोरी नहीं मिली है। मौके पर एसडीएम जेपी यादव, सीओ सत्यप्रकाश शर्मा सहित थाना पुलिस मौजूद रही। थाना प्रभारी अवनेंद्र सिंह ने बताया कि नहर में बहाव अधिक होने सहित अंधेरा होने के कारण गोताखोरों को किशोरी की तलाश में देरी हो रही है। नहर का पानी कम कराकर दोबारा प्रयास शुरू किया जाएगा।