मौरंग खदान में धावा बोल कर्मचारियों को पीटा, गोलीबारी से दहशत
जागरण संवाददाता बांदा पैलानी थाना क्षेत्र की खप्टिहाकलां मौरंग खदान 100/1 में बुधवार देर र
जागरण संवाददाता, बांदा : पैलानी थाना क्षेत्र की खप्टिहाकलां मौरंग खदान 100/1 में बुधवार देर रात कुछ लोगों ने धावा बोल दिया। काम कर रहे तीन कर्मचारियों के साथ लाठी-डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया। हवाई फायरिग कर दहशत फैलाते हुए हमलावर भाग निकले। गोलियों की आवाज सुन लोग जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। घायल कर्मचारियों का सीएचसी में इलाज कराया गया। तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना की वजह पैसों के लेनदेन को लेकर चल रहा विवाद बताया जाता है।
खप्टिहाकलां चौकी क्षेत्र की खदान 100/1 में बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे जमकर हंगामा बरपा। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग पहुंचे और वहां काम कर रहे कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बाद में हवाई फायरिग कर दहशत फैला दी। कर्मचारियों ने बताया कि नीबू लेने को लेकर अतुल सिंह व गांव के अंगद सिंह के बीच में विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट और फायरिग तक पहुंच गई। हवाई फायरिग से इलाके में दहशत फैल गई। इसी बीच किसी ग्रामीण ने चौकी इंचार्ज सहित पुलिस के आला अधिकारियों को जानकारी दे दी। सूचना पर पैलानी थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार अपने सहयोगियों के साथ पहुंचे और मामले की जानकारी से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। गुरुवार की सुबह खदान के कर्मचारी अतुल सिंह की तरफ से थाने में गांव निवासी अंगद सिंह, प्रशांत, भूरा, दीपू, अंकुर व छह-सात अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई। थानेदार ने बताया कि उक्त लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तलाश की जा रही है।
पैसों के लेनदेन का चल रहा था विवाद
खदान में मध्य प्रदेश के भिड जिले के रौंद थाना क्षेत्र के महदवा निवासी अतुल सिंह, जयदीप सिंह व लहार निवासी अजय शर्मा के साथ मारपीट की गई। कर्मचारी बताते हैं कि हमला करने वाले पहले खदान से जुड़े थे। संचालक से पैसों को लेकर कुछ विवाद चल रहा था। उसी को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है। तीनों का आरोप है कि लाठी-डंडों हाकी से मारपीट की गई। जान से मारने की धमकी देते हुए तमंचे से हवाई फायरिग करते हुए सभी भाग निकले। थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि अतुल सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज तक जांच की जा रही है।