बांदा में शासन के नोडल अधिकारी परखेंगे धान खरीद की हकीकत
जागरण संवाददाता बांदा शासन से नामित नोडल अधिकारी मंडल के चारों जिलों में विकास कार्यों
जागरण संवाददाता, बांदा : शासन से नामित नोडल अधिकारी मंडल के चारों जिलों में विकास कार्यों की हकीकत परखेंगे। साथ ही धान खरीद और गोआश्रय स्थलों में सुविधाओं का सत्यापन कर शासन को रिपोर्ट भेजेंगे। 27 से 29 दिसंबर तक जिले में रहकर विकास कार्यों की पड़ताल व समीक्षा करेंगे। कहीं गड़बड़़ी मिली तो अधिकारियों पर कार्रवाई तय है।
चित्रकूटधाम मंडल में धान खरीद और गोआश्रय स्थलों में गोवंशों के संरक्षण को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शासन ने इसे गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने लखनऊ के वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाकर जिलों में धान क्रय केंद्रों व गौआश्रय स्थलों का दौरा करने के निर्देश दिए हैं। नोडल अधिकारी जिलों में तीन दिन 27, 28 व 29 दिसंबर तक रहकर किसानों से भी बातचीत करेंगे। भ्रमण के दौरान वह विकास कार्यों, कोविड-19 से बचाव संबंधी कार्यों और अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में भी जानकारी लेंगे। नोडल अधिकारी जिले में गौ-आश्रय स्थलों की व्यवस्था, विशेष वरासत अभियान, विद्युत आपूर्ति और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सिचाई सुविधा की भी समीक्षा करेंगे। बांदा में नमामि गंगा योजना के प्रमुख सचिव अनुराग श्रीवास्तव नोडल बनाए गए हैं। सभी नोडल अधिकारी जिलों में पहुंचकर धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण करने के साथ जिला स्तरीय अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश देंगे, जिससे धान खरीद सुचारु रूप से चल सके। निरीक्षण के दौरान धान क्रय के संबंध में शिकायत मिलने पर उनकी पुष्टि होने के बाद संबंधित कर्मियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। नोडल अधिकारी निरीक्षण रिपोर्ट खाद्य एवं रसद विभाग को 30 दिसंबर को उपलब्ध कराएंगे।