संदिग्ध हालात में नवविवाहिता की मौत, फंदे से लटका मिला शव
मृतका के जेठ महादेव प्रसाद यादव ने बताया कि सोमवार की रात गांव में डीजे लगा था। राजेश डीजे में जा रहा था। भेली ने उसके बाहर जाने का विरोध किया। इसी बात को लेकर पति.पत्नी के बीच विवाद हो गया। पति के जाने के बाद भेली ने कमरा
जागरण संवाददाता, बांदा : गिरवां थाना क्षेत्र के तेरा गांव में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। कमरे में फांसी पर लटका शिव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कागजी कार्रवाई की। मायके पक्ष ने गला घोंट हत्या कर फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। ससुरालीजन का कहना है कि घरेलू बात को लेकर पति से विवाद के बाद उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस का कहना है कि हर बिदु पर जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट से मौत की वजह पता चलेगी।
गिरवां थाना क्षेत्र के तेरा गांव निवासी राजेश यादव की पत्नी 20 वर्षीय भेली खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई। सुबह देर तक बाहर नहीं निकलने पर पति ने देखा तो वह पंखे के हुक से फांसी के फंदे पर लटकी थी। राजेश की चीख सुन स्वजन पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। थाना पुलिस ने फंदा काट शव को उतारा और कागजी कार्रवाई की।
रात में पति के बाहर जाने पर हुआ था विवाद
मृतका के जेठ महादेव प्रसाद यादव ने बताया कि सोमवार की रात गांव में डीजे लगा था। राजेश डीजे में जा रहा था। भेली ने उसके बाहर जाने का विरोध किया। इसी बात को लेकर पति.पत्नी के बीच विवाद हो गया। पति के जाने के बाद भेली ने कमरा बंद कर फांसी लगाकर जान दे दी।
दस माह पहले हुई थी शादी
उधर, सूचना मिलने पर तिदवारी थाना क्षेत्र के गोधनी गांव निवासी मृतका के पिता रामस्वरूप यादव पहुंचे। पुलिस को बताया कि दस माह पहले भेली का विवाह हुआ था। ससुरालीजन दहेज की मांग लेकर उसका उत्पीड़न करते थे। आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर गला घोंटकर हत्या कर दी और आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया।
बोले थानेदार
गिरवां थानाध्यक्ष बलजीत सिंह का कहना है कि मायके पक्ष के आरोपों की जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह पता चलेगी। जैसी तहरीर दी जाएगी, उसी आधार पर कार्रवाई होगी।