महिलाओं को उद्यमी बनाएंगी उद्योग सखियां
प्रशिक्षित उद्योग सखियां अब समूह की महिलाओं को उद्यमी बनाएंगी। गरीब परिवार की महिलाओं को आर्थिक मदद करते हुए उन्हें स्वरोजगार मुहैया कराएंगी। ब्लाक में उन्हें चार दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। यहां 20 उद्योग सखी चयनित की गई हैं।
जागरण संवाददाता, बांदा : प्रशिक्षित उद्योग सखियां अब समूह की महिलाओं को उद्यमी बनाएंगी। गरीब परिवार की महिलाओं को आर्थिक मदद करते हुए उन्हें स्वरोजगार मुहैया कराएंगी। ब्लाक में उन्हें चार दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। यहां 20 उद्योग सखी चयनित की गई हैं।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत सभी विकास खंडों में इंटेंसिव रूप से कार्य किया जा रहा है। मिशन के तहत समूह के माध्यम से गरीब परिवारों को समूह में जोड़ कर उन्हें आर्थिक मदद करते हुए स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। विकास खंड नरैनी में आजीविका मिशन की तरफ से शुरुआती उद्यमिता विकास परियोजना एसवीईपी का प्रारंभ किया गया। जिसमें महिला समूह सदस्यों को उद्यमसील बनाया जाना है। समूह सदस्यों में सामूहिक व्यवसाय की भावना विकसित करना है। उनके लिए विशेष प्रशिक्षण व्यवस्था की गई है। परियोजना के संचालन को विकास खंड में 20 उद्योग सखी चयनित की गई हैं। इन्हें 12 से 15 मार्च तक ब्लाक मुख्यालय में प्रशिक्षण दिया गया। कुटुंब श्री राष्ट्रीय रिसोर्स संस्था केरल के साथ हुए अनुबंध के तहत योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद सभी उद्योग सखी ग्राम में उद्यमिता बढ़ाने को महिलाओं का चयन करेंगी। विशेष प्रशिक्षण आयोजित कराएंगी। प्रशिक्षण के बाद खंड विकास अधिकारी मनोज यादव ने सभी उद्योग सखियों को प्रमाण पत्र वितरित किया। प्रशिक्षण में कुटुंब श्री से आए हुए रिसोर्स पर्सन तथा ब्लॉक प्रबंधक गनेश पांडेय, राकेश प्रजापति, विद्या भूषण पांडेय, अनिरुद्ध आदि उपस्थित रहे।