तीन रंगों की झालर से सजेंगे सरकारी भवन, उल्लास से मनेगा स्वतंत्रता दिवस
जागरण संवाददाता बांदा 75 वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।
जागरण संवाददाता, बांदा : 75 वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। सरकारी भवनों को तीन रंगों की झालर से सजाया जाएगा। ऐतिहासिक इमारतों को साफ-सफाई और सज्जा अलग छटा बिखेरेगी। जिलाधिकारी आनंद कुमार सिंह ने तैयारियों को लेकर बैठक ली। निर्देश दिए कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एक दिन पहले ही करा दी जाए। अटल सरोवर पार्क में 151 फीट ऊंचा तिरंगा लहराया जाएगा, जिसमें सभी अधिकारियों की मौजूदगी अनिवार्य की गई है।
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम आनंद कुमार सिंह ने कहा कि 14 अगस्त तक हर तैयारी पूरी कर ली जाए। जिले में जितनी भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की मूर्तियां हैं, सभी ईओ उनकी साफ-सफाई कराकर उल्लास पूर्ण वातावरण में 15 अगस्त को माल्यार्पण किया जाना सुनिश्चित करें। डीएम श्री सिंह ने कहा कि नवाब टैंक (अटल सरोवर पार्क) में सुबह 11 बजे 151 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा लहराया जाएगा, जिसमें सभी की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
कोविड-19 नियमों का हर हाल में हो पालन
उन्होंने कहा कि कोविड-19 की गाइड लाइन का पूरी तरह पालन किया जाए। सभी विभागाध्यक्ष एवं कार्यालयाध्यक्ष पौधारोपण भी कराया जाना सुनिश्चित करें। कार्यक्रम बडे ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाए। किसी हालत में झंड़ा कटा, फटा नहीं होना चाहिए, शिकायत मिलने पर स्वयं की जवाबदेही होगी। एडीएम संतोष बहादुर सिंह, सीडीओ वेद प्रकाश मौर्या, नगर मजिस्ट्रेट केशव नाथ गुप्त, एसडीएम पैलानी राम कुमार, बबेरू महेंद्र प्रताप, अतर्रा सौरभ शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।