विहिप जिलाध्यक्ष की बहू के बैग से सोने का हार चोरी
जागरण संवाददाता, बांदा : विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष अशोक ओमर के बेटे-बहू के बैग से शनिवार दोपह
जागरण संवाददाता, बांदा : विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष अशोक ओमर के बेटे-बहू के बैग से शनिवार दोपहर रोडवेज स्टाप में खड़ी बस से डेढ़ तोला सोने का हार चोरी हो गया। बैग खुला देख दंपती में हड़कंप मच गया। दोनों कानपुर जाने के लिए बस में बैठे थे। घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन करती रही, लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ। जिलाध्यक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है।
विहिप जिलाध्यक्ष के बेटे मलय और बहू कनक अपनी मासूम बेटी के साथ कानपुर जाने के लिए बस स्टाप आए थे। तीनों कानपुर जाने वाली एक बस में सवार हुए, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण वापस उतर गए। दूसरी बस में बैठे, तभी मलय की निगाह बैग में गई। बैग की जिप खुली हुई थी। आशंका पर उन्होंने देखा तो हार का डिब्बा गायब था। यह देख हड़कंप मच गया। दोनों तुरंत उतर आए और परिजनों को फोन किया। वहीं सामने एक होटल में बैग की ठीक से छानबीन की। लेकिन हार का अता-पता नहीं चला। सूचना पर पहुंची पुलिस भी छानबीन करती रही। लोगों से पूछताछ किया। लेकिन जानकारी नहीं मिली। आसपास के लोगों ने बताया कि पहले भी इस प्रकार की घटनाएं हो चुकी हैं। लेकिन पुलिस की ओर से रोकथाम के लिए कोई कठोर कार्रवाई नहीं की गई। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।