पूर्व प्रधान ने चलाई गोली, छोटे भाई की मौत
संवादसूत्र बिसंडा (बांदा) बरात में जनवासे के बाहर डांस करने को लेकर डीजे कर्मियों से ब
संवादसूत्र, बिसंडा (बांदा) : बरात में जनवासे के बाहर डांस करने को लेकर डीजे कर्मियों से बरातियों का विवाद हो गया। बरातियों के मारपीट करने से नाराज ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इस पर दूल्हे के पूर्व प्रधान चाचा ने तमंचे से गोली चला दी। फायरिग में पूर्व प्रधान के दूसरे नंबर के भाई परिवहन निगम चालक की मौत हो गई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के ग्राम बाघा अंश नगला पुरवा निवासी संतोष यादव ने अपनी पुत्री रोहिणी की शादी ओरा मंमसी पहाड़ी जिला चित्रकूट में सर्वेश पुत्र इंद्रजीत से तय की थी। शुक्रवार रात बरात नगला पुरवा बाघा आई थी। बरातियों को गांव की बरातशाला में जनवासा देकर रुकवाया गया था। रात में बरात उठने का समय आया तो जनवासे के बाहर डीजे पर बराती डांस कर रहे थे। गाना बदलने को कहने पर बरातियों का डीजे कर्मियों से विवाद हो गया। इस पर बरातियों ने डीजे कर्मियों व उनके सहयोगियों की पिटाई कर दी। डीजे वाले स्थानीय थे तो उनकी ओर से ग्रामीणों ने बरातियों पर पथराव कर दिया। वहां दूल्हा सर्वेश के रिश्ते के चाचा पूर्व प्रधान छोटेलाल ने दबाव बनाने के लिए तमंचे से हवाई फायर किया। दूसरा फायर करते समय किसी बराती ने हाथ पकड़ा तो गोली सीधा पूर्व प्रधान के दूसरे नंबर के भाई 42 वर्षीय राजेश यादव की गर्दन में पीछे धंस गई। बरात में अफरातफरी मच गई। स्वजन ने उसे देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। लड़की पक्ष ने घटना की सूचना पुलिस को दी। स्वजन कानपुर से शव लेकर सीधा बिसंडा थाने पहुंचे। वहां मृत युवक के पिता सुखनंदन यादव ने घटना की तहरीर दी।
स्वजन ने बताया कि वह कानपुर विकास नगर डिपो में संविदा चालक था। पुलिस ने आरोपित पूर्व प्रधान बड़े भाई को पोस्टमार्टम हाउस से पकड़ लिया हालांकि थाना प्रभारी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर आरोपित भाई के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपित अभी पकड़ा नहीं गया है।