विकास भवन पहुंचे डीएम, कब्जे में लिए अभिलेख
जागरण संवाददाता बांदा जिलाधिकारी ने शुक्रवार को सुबह विकास भवन में कई दफ्तरों का निर
जागरण संवाददाता, बांदा : जिलाधिकारी ने शुक्रवार को सुबह विकास भवन में कई दफ्तरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायतीराज विभाग कार्यालय में अभिलेख खंगाले और कर्मचारियों से पूछताछ की। साथ में कई महत्वपूर्ण अभिलेख ले गए। निरीक्षण के समय उन्हें दफ्तरों में बड़ी संख्या में कर्मचारी व अधिकारी गायब मिले। इन पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी अनुराग पटेल शुक्रवार को सुबह करीब दस बजे विकास भवन पहुंच गए। पहले सीडीओ कार्यालय पहुंचे। इसके बाद जिला ग्राम्य विकास अधिकारी में निरीक्षण किया। यहां उपस्थिति देखी और अभिलेख और सफाई का जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने विकास भवन में युवा कल्याण, कृषि, लघु सिचाई, दुग्ध संघ, जिला विकास अधिकारी कार्यालय और पंचायतीराज विभाग में निरीक्षण किया। पंचायतीराज विभाग कार्यालय में उन्होंने करीब एक घंटे का समय दिया। कार्यालय में पत्रावलियों के रख-रखाव, पटल सहायक के कार्यों को गहनता से देखा। सूत्रों के मुताबिक जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिवों और सफाई कर्मचारियों के स्थानांतरण को लेकर जानकारी ली। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन में तैनात संविदा कर्मचारियों से उनके कार्यों की जानकारी ली। निरीक्षण के बाद वह पंचायतीराज विभाग कार्यालय से कई महत्वपूर्ण अभिलेख अपने साथ ले गए। मौके की वीडियोग्राफी भी कराई। एक सफाई कर्मचारी को कार्यमुक्त किए जाने के भी निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के यहां डीएम को कई शिकायतें भी मिली थीं। जिलाधिकारी अभिलेखों आदि की जांच के बाद बड़ी कार्रवाई कर सकते हैं। इसके अलावा निरीक्षण में अनुपस्थित मिले कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की तैयारी है। डीएम ने पिछले माह भी निरीक्षण किया। इसमें बड़ी संख्या में कर्मचारी व अधिकारी अनुपस्थित मिले थे। तब उन्होंने सभी को चेतावनी दी थी।