गोद लिए विद्यालय में गंदगी, बीएसए व बीईओ से मांगा जवाब
जागरण संवाददाता बांदा डीएम के गोद लिए उच्च प्राथमिक विद्यालय कतरावल में गंदगी व कई खामियां
जागरण संवाददाता, बांदा : डीएम के गोद लिए उच्च प्राथमिक विद्यालय कतरावल में गंदगी व कई खामियां मिलीं। कक्षा आठवीं के बच्चे डीएम की अंग्रेजी क्लास में फेल हो गए। वह अंग्रेजी नहीं पढ़कर सुना सके। डीएम ने बीएसए और खंड शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा है। सप्ताह में सुधार की मोहलत दी है।
जिलाधिकारी अनुराग पटेल शनिवार को पठन-पाठन अभियान के तहत अपने गोद लिए विद्यालय उच्च प्राथमिक विद्यालय (कम्पोजिट), कतरावल (बड़ोखर खुर्द) आकस्मिक पहुंच गए। निरीक्षण के समय उनके साथ डिप्टी कलेक्टर सौरभ यादव भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रधानाध्यापिका अंजू याज्ञिक, सहायक अध्यापक रक्सा बानो, अर्चना देवी, राजेश सिंह राजपूत से पठन-पाठन के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के समय विद्यालय में पुताई नहीं पाई गई तथा बच्चों का एमडीएम लकड़ी-कंडे के चूल्हे पर बनता मिला। मध्याह्न भोजन मीनू के अनुसार नहीं मिल। विद्यालय में जलभराव की समस्या भी मिली। विद्यालय की सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं थी। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान से कहा कि दस दिन के अंदर विद्यालय परिसर की साफ-सफाई कराएं। उन्होंने बच्चों की क्लास भी ली और शिक्षा की गुणवत्ता देखी। कक्षा-8 में 90 बच्चों में महज सात अंग्रेजी पढ़ पाए। उन्होंने बच्चों से क्लाउड की मीनिग पूछी तो मुंह ताकते रहे। पठन-पाठन व्यवस्था खराब होने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। सप्ताह भर के अंदर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने को कहा। उन्होंने विद्यालय में पुताई कार्य न होने तथा भोजन चूल्हे पर बनाये जाने और मीनू के अनुसार भोजन न होने पर बीएसए रामपाल सिंह और बड़ोखर खुर्द एबीएसए से 24 घंटे में स्पष्टीकरण मांगा है।