माता की विदाई पर भक्तों ने निकाली शोभायात्रा, उड़ा अबीर गुलाल
अतर्रा/ नरैनी/ बदौसा/ तिदवारी/कालिजर कस्बे में मंगलवार को जयकारों के साथ मां जगदम्बे की म
अतर्रा/ नरैनी/ बदौसा/ तिदवारी/कालिजर : कस्बे में मंगलवार को जयकारों के साथ मां जगदम्बे की मूर्तियों का विसर्जन धूमधाम से किया गया। कहीं तालाब तो कहीं नगर-नदी में विसर्जन हुआ। शोभायात्रा में भक्तों ने गुलाल उड़ाते हुए देवीगीतों पर नृत्य किया।
अतर्रा के बांदा रोड स्थित केन नहर में नगर में विराजित 21 सहित गांव में बैठी कुल 52 प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इसी तरह बिसंडा क्षेत्र में 90 देवी प्रतिमाओं का विसर्जन किया। नरैनी कस्बा सहित ग्रामीण इलाको में विराजमान दो दर्जन से अधिक दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन देर शाम तक होता रहा। तहसील के पनगरा नहर कोठी समेत बरछा पुल के बागै नदी में मूर्तियों को विसर्जित किया गया। संवाद सूत्र ,बदौसा के अनुसार शारदीय नवरात्र में 13 दुर्गा प्रतिमाये स्थापित हुई। दोपहर तक सभी दुर्गा प्रतिमाये कस्बे के शास्त्री ग्राउंड में एकत्रित होकर विसर्जन के लिए प्रस्थान किया। कस्बे के स्टेशन रोड, पौहार रोड से भ्रमण करती हुई सभी मूर्तियां बागै नदी के तट पर पहुंची। भ्रमण के दौरान गुलाल उड़ाकर भक्तों ने देवी गीतों पर नृत्य किया। सभी मूर्तियां पौहार तिराहे से होती हुई रामजानकी मंदिर के रास्ते नदी तट पर पहुंची। नम आंखों से मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। संवादसूत्र तिदवारी के अनुसार नगर पंचायत समेत ग्रामीणांचल में शारदीय नवरात्र के अवसर पर पंडालों में स्थापित मां दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन मंगलवार को भक्तों ने गाजे-बाजे के साथ नाचते किया। कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में 37 स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई थी। संवादसूत्र ओरन के अनुसार नगर में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन गाजे-बाजे के साथ प्राचीन तिलहर माता की तालाब में किया गया।