धान खरीद पर लगा ब्रेक, केंद्रों में डेरा डाले किसान
जागरण संवाददाता बांदा चित्रकूटधाम मंडल में धान खरीद में बूंदाबादी व बदले मौसम ने ब्रेक लगा ि
जागरण संवाददाता, बांदा : चित्रकूटधाम मंडल में धान खरीद में बूंदाबादी व बदले मौसम ने ब्रेक लगा दिया है। केंद्रों में ट्रैक्टर ट्रालियों में धान लिए सैकड़ों किसान डेरा डाले हैं। एक तो पहले से धान खरीद की रफ्तार मंद थी। अब बारिश बाधा बन गई। दो माह में अभी लक्ष्य के सापेक्ष महज 28 फीसद धान खरीद हो सकी है। इसमें भी केंद्रों में करीब साढ़े 13 हजार क्विटल धान डंप है। जगह न होने से किसानों का धान नहीं लिया जा रहा है।
चित्रकूटधाम में पहली नवंबर से धान खरीद कच्छप गति से हो रही है। पहले धान में नमी होने की बात कहकर प्रभारी टरकाते रहे। इसके बाद सहकारी समितियों के सचिवों की हड़ताल के चलते केंद्रों से धान का उठान नहीं कराया गया। अब इधर, सप्ताह भर से धान की खरीद ने कुछ रफ्तार पकड़ी तो मौसम ने खरीद पर ब्रेक लगा दिया। मंडल में 81 खरीद केंद्र खोले जाने का लक्ष्य था, लेकिन अभी तक 78 ही अनुमोदित हुए हैं, जबकि इनमें महज 70 में ही खरीद की जा रही है। बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट जनपद में 99 हजार 600 मीट्रिक टन धान की खरीद की जानी है। लेकिन अभी तक लक्ष्य के सापेक्ष महज 28 हजार 305 मीट्रिक टन धान ही खरीदा गया है। यह 28.41 फीसद है। जबकि अभी जनवरी व फरवरी दो माह ही धान खरीद के बचे हैं। ऐसे में खरीद केंद्रों में हफ्तों से डेरा डाले किसान परेशान हो रहे हैं। किसानों का कहना है कि बारिश और बदली के चलते धान में नमी आ गई है, जो मानक मे फेल हो रहे हैं। ट्रैक्टरों में धान लादे हफ्तों से खड़े हैं। उनका हर रोज ट्रैक्टर का भाड़ा लग रहा है। वह करें तो क्या कुछ समझ नहीं आ रहा है। उधर, धान खरीद केंद्रों से खरीदे गए उपज की उठान में अभी तक तेजी नहीं आई है। केंद्रों में 13 हजार 406 मीट्रिक टन धान पड़ा है। बांदा में 11491, चित्रकूट में 1039 और हमीरपुर में 776 मीट्रिक धान केंद्रों में डंप है। जगह न होने से किसानों का धान नहीं तौला जा रहा है।
----------------
किसानों का 21.87 करोड़ रुपये बकाया
बांदा : किसानों को धान का भुगतान 72 घंटे में करने का दावा बेमानी साबित हो रहा है। मंडल में अभी तक 3860 किसानों ने अपनी उपज बेची है। इनमें से अधिकांश किसानों का अभी तक भुगतान नहीं हो सका है। बांदा में 20.32 करोड़, चित्रकूट में 1.31 करोड़ और हमीरपुर में साढ़े 23 लाख रुपये भुगतान बकाया है और किसान इसके लिए लगातार चक्कर लगा रहे हैं।
------------------
-किसानों के धान खरीद में कोई दिक्कत नहीं होने पाएगी। बारिश से एक-दो दिनों के लिए खरीद की प्रक्रिया बाधित हुई है। जल्द ही मौसम साफ होने पर खरीद में फिर तेजी लाई जाएगी। साथ ही भुगतान भी जल्द कराया जाएगा।
संजीव कुमार, क्षेत्रीय खाद्य नियंत्रक, चित्रकूटधाम मंडल, बांदा