Move to Jagran APP

तीसरे दिन यमुना में डूबे आठ लोगों के मिले शव, चार की तलाश

शव देख ग्रामीणों व चरवाहों ने पुलिस

By JagranEdited By: Published: Sat, 13 Aug 2022 04:34 PM (IST)Updated: Sat, 13 Aug 2022 04:34 PM (IST)
तीसरे दिन यमुना में डूबे आठ लोगों के मिले शव, चार की तलाश
तीसरे दिन यमुना में डूबे आठ लोगों के मिले शव, चार की तलाश

तीसरे दिन यमुना में डूबे आठ लोगों के मिले शव, चार की तलाश

loksabha election banner

जागरण संवाददाता, बांदा : यमुना में गुरुवार को नाव पलटने से डूबे आठ लोगों के शव तीसरे दिन फतेहपुर जिले के किशनपुर व असोथर में बरामद हो गए। पानी में उतराते शव देख ग्रामीणों व चरवाहों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद सभी शव निकाल लिए गए। प्रशासन के मुताबिक अब केवल चार लोग लापता हैं, जिनकी तलाश हो रही है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की 60 सदस्यीय टीम फतेहपुर जिले में अभियान चला रही हैं। डीएम अनुराग पटेल व एसपी अभिनंदन ने बताया कि नाव पर कुल 32 लोग सवार थे, जिनमें 17 सकुशल बाहर निकल आए। तीन शव घटना वाले दिन ही बरामद हो गए थे। चार की तलाश हो रही है।

जिले के मरका से फतेहपुर के रामनगर कौंहन स्थित कंसापुर घाट की ओर सवारियां लेकर जा रही नाव पतवार टूटने से बीच धारा में डूब गई थी। जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने शनिवार को बताया कि नाव पर संभावित 32 लोग सवार थे। घटना वाले दिन 17 लोग सकुशल बाहर आ गए थे, जबकि तीन शव बरामद हुए थे। लापता लोगों की तलाश की जा रही थी, जिनमें आठ शव बरामद हो गए हैं और चार लोग लापता हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई स्वजन के लापता होने की जानकारी देता है तो यह संख्या घट-बढ़ सकती है। हालांकि हादसे के बाद बचे लोगों ने बताया था कि नाव पर क्षमता से ज्यादा करीब 50 लोग सवार थे। नाव पर तीन बाइकें और सात साइकिलें भी लादी गई थीं। नाव पर ज्यादातर महिलाएं थीं, जो राखी बांधने जा रही थीं, कुछ लोग अपनी पत्नी को ससुराल में छोड़कर लौट रहे थे। कुछ ऐसे भी थे, जो बहन से राखीं बंधवाकर लौट रहे थे। दोपहर करीब 2:30 बजे हादसा हो गया था। राहत बचाव कार्य में देरी से कई लोग पानी के तेज बहाव में आगे बह गए। स्थानीय गोताखोरों ने दो महिलाओं व एक बच्चे का शव बरामद कर लिया था। एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचन बल) व एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) की 60 सदस्यीय टीम रात में पहुंच गई थी। दूसरे दिन आठ बोट की मदद से नदी में तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली थी। स्थानीय गोताखोरों ने भी नाव से तलाश की लेकिन खाली हाथ रहे।

-------

फतेहपुर में होगा पोस्टमार्टम, स्वजन रवाना

एसपी अभिनंदन ने शनिवार को बताया कि बरामद शवों का पोस्टमार्टम फतेहपुर जिले में होगा। वहां के प्रशासन से बात हो गई है। घटना के बाद लापता की सूची में कुछ लोगों के नाम में दोहराव हो गया था। एक महिला के पति का नाम अलग-अलग हो गया था, इसी तरह एक बच्चे का नाम भी दो बार लिख गया था। बचकर बाहर निकले तीन लोग निजी अस्पताल में इलाज करा रहे थे, जिनके बाबत स्वजन ने कोई जानकारी नहीं दी थी। इसमें दो बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि नाव पर बैठने वालों की सही संख्या नहीं मिल सकी थी। संभावित 32 लोग ही सवार थे। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें जिले के दादौंपुर घाट पुल व फतेहुपर जिले में वृहद आपरेशन चला रही हैं। साथ ही जल पुलिस, पीएसी फ्लड टीम और बड़ी संख्या में स्थानीय गोताखोर भी लगाए गए हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.