संपत्ति विवाद में युवक की गला रेत कर हत्या
मृतक की पत्नी ने तीन के खिलाफ दी तहरीर आरोपितों को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
बलरामपुर : क्षेत्र के जद्दापुर गांव निवासी मनीराम की गुरुवार रात सोते समय धारदार हथियार से मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पत्नी पुष्पा देवी ने संपत्ति विवाद को हत्या का कारण बताते हुए तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुष्पा ने बताया कि उसका पति मनीराम रोज की तरह चक्की वाले कमरे में सो रहा था। रात करीब 12 बजे कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनकर वह जाग गई। वह चक्की वाले कमरे में गई तो तेज-तेज सांस चलने की आवाज आ रही थी। कुत्ते की रस्सी गले में अटकने की आशंका पर उसने टार्च जलाकर देखा तो मनीराम के गले से खून बह रहा था और उसकी सांस अटक रही थी। मनीराम को इस हाल में देखकर उसने शोर मचाया तो ग्रामीण एकत्र हो गए। आनन-फानन में अस्पताल ले जाते समय मनीराम की रास्ते में मौत हो गई।
पुष्पा का आरोप है कि उसकी देवरानी प्रेमनगर गांव वाले मकान में रहती है। वह छोटे ससुर के बेटे के साथ मिलकर संपत्ति में हिस्सा मांग रही थी। इसी रंजिश को लेकर मनीराम को मौत के घाट उतार दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह का कहना है कि मृतक के गले, चेहरे व हाथ पर धारदार हथियार से वार किए गए हैं। हालांकि, अभी सीधे तौर पर किसी को घटना का जिम्मेदार नहीं माना जा सकता है। मगर, आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद किसी नतीजे पर पहुंचा जा सकेगा।