तीन और पॉजिटिव, वृद्धा ने दी कोरोना को शिकस्त
लिए गए 189 नमूने 776 की रिपोर्ट का इंतजार
बलरामपुर : पॉजिटिव केसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रविवार की देर शाम आई जांच रिपोर्ट में तीन और पॉजिटिव पाए गए। पॉजिटिव मिले लोगों में दो लोग नगर के पुरैनिया व टेढ़ी बाजार के निवासी हैं जबकि एक उतरौला का है। नगर के टेढ़ी बाजार, पुरैनिया व पहलवारा मोहल्ले को कंटेनमेंट जोन घोषित कर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। साथ ही पॉजिटिव से जुड़े अन्य क्षेत्रों में भी केवल आवश्यक सेवाएं ही संचालित रखने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार की देर शाम आई रिपोर्ट में 65 साल की वृद्धा की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई। रविवार की सुबह उसे अस्पताल से घर भेज दिया गया। वर्तमान में 35 एक्टिव केस हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि रविवार को 189 व्यक्तियों के नमूने लिए गए जिन्हें जांच के लिए लखनऊ भेजा जाएगा। अब तक 10248 कोरोना सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। जिसमें 9363 की रिपोर्ट निगेटिव व 94 रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इसमें से 57 स्वस्थ हो चुके हैं। दो की मौत हो चुकी है। 776 नमूनों की रिपोर्ट का इंतजार है। तीन दिन में तीन पॉजिटिव, फिर भी नहीं बना कंटेनमेंट :
गैसड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तीन दिन पहले स्वास्थ्य विभाग का फील्ड कर्मचारी पॉजिटिव मिला था। सूत्रों के मुताबिक वह बस्ती से आया था। उसके बाद अस्पताल के 44 स्वास्थ्य कर्मियों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया। शनिवार को आई रिपोर्ट में एक स्टाफ नर्स व एक एंबुलेंस चालक भी पॉजिटिव मिला। इसके बावजूद इसे कंटेमेंट जोन नहीं बनाया गया है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र आर्य ने बताया कि अस्पताल को पूर्ण रूप से सैनिटाइज कराया गया है। सभी स्वास्थ्य कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात हैं। शारीरिक दूरी का अनुपालन कराया जा रहा है।