करियर की राह चुनने की उठी हिलोरें
इंजीनियर बन कुछ नया करने की चाह :
सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंड्री स्कूल के छात्र अनिरुद्ध पांडेय ने हाईस्कूल परीक्षा में जनपद में टाप किया है। इस सफलता से वह खुशी से फूले नहीं समा रहे हैं। वह इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद इंजीनियर बनकर कुछ नया करने का ख्वाब बुन रहे हैं। अनिरुद्ध के पिता विनोद कुमार पांडेय मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हैं। माता माधवी पांडेय गृहणी हैं। अनिरुद्ध कहते हैं कि वह जेईई की तैयारी करना चाहते हैं। इसके लिए वह इंटरमीडिएट में गणित विषय से पढ़ाई करने का मन बना रहे हैं। वह अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता व गुरुजनों को देते हैं।
तकनीक से तस्वीर बदलेंगी अंशिका :
-जिले में दूसरा स्थान पाने वाली सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंड्री स्कूल की छात्रा अंशिका चौधरी उत्साह से लबरेज हैं। अंशिका के पिता ध्रुव चौधरी परिषदीय विद्यालय में सहायक अध्यापक हैं। माता सत्यवती चौधरी गृहणी हैं। अंशिका अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता व गुरुजनों को देती हैं। अंशिका बताती हैं कि वह जेईई की तैयारी कर इंजीनियर बनना चाहती हैं। इंजीनियर बनकर तकनीकी के माध्यम से विकास की तस्वीर बदलना चाहती हैं। इसकी तैयारी के लिए उन्होंने इंटरमीडिएट में गणित विषय का चयन करने का मन बनाया है।
डाक्टर बनने का ख्वाब बुन रहीं अंशरा :
-जिले में तीसरा स्थान पाने वाली अंशरा हसन डाक्टर बनकर मरीजों का दर्द कम करने का ख्वाब बुन रहीं हैं। अंशरा के पिता नूरुल हसन व्यापारी व माता रिजवाना सिद्दीकी इसी स्कूल में शिक्षक हैं। डाक्टर बनने की राह में अब अंशरा ने इंटरमीडिएट में बायो ग्रुप से पढ़ाई करने का मन बनाया है। अंशरा कहती हैं कि मेरी पढ़ाई में बड़ी बहन एलीना का विशेष सहयोग रहता है। चिकित्सक बनकर लोगों की सेवा करने का सपना है। करियर की राह चुनने की माता-पिता से पूरी छूट व हर संभव सहयोग मिल रहा है।