सन्नाटा तो कहीं गन्ना क्रय केंद्र पर अव्यवस्थाओं का बोलबाला
गन्ना पेराई सत्र शुरू होने के बावजूद क्रय केंद्र पर नहीं हो सकी व्यवस्थाएं कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए भी नहीं हो सके कोई इंतजाम
गोंडा : गन्ना पेराई सत्र का शुभारंभ हो चुका है। चीनी मिलें गन्ना तौल के लिए क्रय केंद्र की स्थापना के साथ ही सारी व्यवस्थाएं मुकम्मल होने का दावा कर रही हैं लेकिन, मौके पर हकीकत जुदा है। कहीं अभी तक क्रय केंद्र चालू नहीं हो सका है तो कहीं व्यवस्थाएं नहीं हैं। केंद्र पर न तो सैनिटाइजर की व्यवस्था है और न ही साबुन के इंतजाम। किसान के साथ ही मिल कर्मचारी भी कोरोना संक्रमण से बेफिक्र दिखे। इनपुट : अमित पांडेय, कमलकिशोर सिंह, धर्मराज गोस्वामी, भाष्कर सिंह, ज्ञानेंद्र चौधरी, एसपी शुक्ल, पूरनचंद गुप्त।
क्रय केंद्र पर सन्नाटा, तौल लिपिक का पता नहीं
-परसपुर : सुबह के करीब साढ़े दस बजे रहे थे। ग्राम पंचायत आंटा में मैजापुर चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर सन्नाटा पसरा हुआ था। यहां तौल तो दूर अभी तक साफ-सफाई भी नहीं हो सकी है। तौल लिपिक रामनरेश सिंह ने बताया कि जल्द तौल शुरू कराई जाएगी। ऐसा ही कुछ ²श्य लालपुर क्रय केंद्र पर देखने को मिला। भंभुवा : कुंदुरुखी चीनी मिल के क्रय केंद्र पर सैनिटाइजर व मास्क की व्यवस्था नहीं थी। यहां तौल लिपिक राजकुमार अवस्थी गन्ने की तौल कराते दिखे। उमरीबेगमगंज : एैली माझा के क्रय केंद्र पर न तो हैंडपंप लगा और न ही अधिकारियों के मोबाइल नंबर चस्पा किए। एसएमएस से पर्ची के लिए हर बार आधार नंबर मांगा जाता है। मनकापुर : क्रय केंद्र पर गन्ने की तौल कराई जा रही थी। यहां भी सैनिटाइजर व साबुन की व्यवस्था नहीं थी। कटराबाजार : मैजापुर चीनी मिल के दुबहाबाजार क्रय केंद्र पर कोई मौजूद नहीं था। नाद, कांटा-बांट इधर-उधर बिखरा हुआ था। मसकनवां : क्रय केंद्र पर सैनिटाइजर को छोड़कर अन्य व्यवस्थाएं मौजूद थी।
जिम्मेदार के बोल : सभी चीनी मिलों को गन्ना क्रय केंद्र पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कहीं खामियां हैं तो संबंधित से जवाब-तलब किया जाएगा।
-ओपी सिंह, जिला गन्ना अधिकारी गोंडा