बाइपास गड्ढे में तब्दील, आवागमन में दुश्वारी
मार्ग ग्राम मोतीपुर हड़हवा के पास तीन वर्षों से सरयू नहर परियोजना राप्ती मुख्य नहर पर पुल का निर्माण किया जा रहा है जिसकी गति धीमी होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुल के बगल बनाए गए बाईपास गड्ढों में तब्दील हो चुका है।
बलरामपुर : पचपेड़वा चंदनपुर मार्ग स्थित मोतीपुर हड़हवा गांव के पास तीन वर्षों से पुल का निर्माण कच्छप गति से चल रहा है। जिससे लोगों की राह सुगम नहीं हो पा रही है। बाइपास गड्ढों में तब्दील हो चुका है। जिससे लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। रजडेरवा निवासी दयाशंकर मौर्य व जगन्नाथ यादव ने बताया कि इस मार्ग से चंदनपुर, विशुनपुर विश्राम, कोहरगड्डी, इमलिया कोडर, हरखड़ी, कोल्हुई, बेतहनिया, वीरपुर सेमरा समेत कई गांव के लोगों का आवागमन होता है। बाइपास मार्ग पर कीचड़ जमा होने से बाइक सवार उसमें फंस जाते हैं। क्षेत्रवासियों ने शीघ्र पुल निर्माण कराए जाने की मांग की है। मुहम्मद सलीम खान, प्रधान दिलीप यादव, सलीम खान, गुलाम रब्बानी, प्रधान मंगल प्रसाद थारू, विनीत कुमार, जय सिंह, विनय गुप्त, नसीम खान ने बताया विभाग व ठेकेदार की मिलीभगत से पुल का निर्माण अधूरा है। विभागीय अफसरों को किसी दुर्घटना का इंतजार है। तुलसीपुर एसडीएम विनोद सिंह ने बताया कि राप्ती परियोजना के अधिशासी अभियंता से वार्ता कर समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।