दिनदहाड़े गोली मारकर प्रधान की हत्या, चार नामजद
चुनावी रंजिश को लेकर हत्या करने की दी तहरीर मृतक का भतीजा गंभीर रूप से घायल संवादसूत्र महाराजगंज तराई।
(बलरामपुर) : थाना क्षेत्र के रूपनगर गांव के प्रधान राधेश्याम उर्फ मिठाईलाल की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों की पिटाई से मृतक का भतीजा मनीष गंभीर रूप से घायल है। उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मृतक के भाई शिवपूजन ने चुनावी रंजिश को हत्या का कारण बताते हुए गांव के ही चार लोगों को नामजद किया है। पुलिस ने राम नरायन, शिवप्रसाद, श्याम नरायन व जगदंबा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। शव को कब्जे में लेकर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
शिवपूजन ने दी गई तहरीर में कहा है कि रविवार को दोपहर 12 बजे उसका भाई प्रधान राधेश्याम खेत देखने गया था। वह खेत देखकर तुरंत लौट रहा था। कुछ ही दूरी पर गोली चलने की आवाज आई। दौड़कर वहां पहुंचा तो देखा कि राम नरायन व शिवप्रसाद हाथ में तमंचा लिए थे। साथ में श्याम नरायन व जगदंबा लाठी-डंडे से लैस थे। राधेश्याम नीचे पड़ा तड़प रहा था। राम नरायन मुझे भी जान से मारने के लिए दौड़ा लिया। इस पर वह डरकर भागने लगा। इसी बीच भतीजा मनीष बाइक से आ रहा था। राधेश्याम का बेटा राघवराम भी चिल्लाते हुए उधर आने लगा। तभी आरोपितों ने मनीष को दौड़ा लिया। मनीष की जमकर पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपितों के भागने के बाद लोग राधेश्याम को लेकर महराजगंज तराई अस्पताल गए। चिकित्सक ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल ले जाने को कहा। वहां पहुंचने पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। बताया कि आरोपितों से प्रधानी चुनाव व पहले के मुकदमे में गवाही को लेकर रंजिश चल रही थी। इसी वजह से प्रधान की हत्या की गई है। अपर पुलिस अधीक्षक नम्रता श्रीवास्तव व क्षेत्राधिकारी राधारमन ने फारेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया।
मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही हत्यारोपित पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
अशोक सिंह, प्रभारी निरीक्षक