खाकी ने शुरू की रखवाली, ताकि बनी रहे हरियाली
रोजाना डेढ़ घंटे पुलिसकर्मी करते हैं थाना व परिसर की सफाई 31 जुलाई तक चलेगा साफ परिसर सुंदर परिसर अभियान
बलरामपुर : अपराध व अपराधियों पर नकेल कसनी हो या कोरोना से जंग हो, जिले की पुलिस अपने कारनामों से हमेशा सुर्खियों में रहती है। अब कानून की रखवाली के साथ ही खाकी ने हरियाली की पहरेदारी का बीड़ा उठा लिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अब सभी थानों, पुलिस लाइन व कार्यालयों में साफ परिसर-सुंदर परिसर अभियान चलाया जा रहा है। पिस्टल उठाने वाले पुलिसकर्मी अब फावड़ा थाम कर पर्यावरण को स्वच्छ व संरक्षित करने में जुटे हैं। परिसर की सफाई के साथ ही पौधा रोपण भी किया जाएगा। इससे न सिर्फ परिसर की सूरत संवरेगी, बल्कि सुबह डेढ़ घंटे की कसरत से पुलिसकर्मी की फिटनेस में भी सुधार होगा। एक माह तक चलेगा अभियान :
-अपने नित नवीन प्रयोग को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाले पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कर्मियों को सेहतमंद बनाने के लिए स्वस्थ पुलिस दक्ष पुलिस अभियान शुरू किया था। सभी थानों में सुबह पीटी के साथ नियमित योग के गुर पुलिसकर्मियों को सिखाए जाते थे। एक जुलाई से इसके स्थान पर साफ परिसर सुंदर परिसर अभियान शुरू किया गया है। जिले के सभी 14 थानों, रिजर्व पुलिस लाइन, पुलिस कार्यालय व गोपनीय कार्यालयों में पर वृहद स्वच्छता व पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। जहां रोजाना सुबह साढ़े छह से आठ बजे तक पुलिसकर्मी फावड़ा चलाकर परिसर में लगे घास-फूस व झाड़ियों की सफाई करते हैं। साथ ही पौधारोपण के लिए गड्ढे खोदे गए हैं। जहां फलदार व छायादार पौधे रोपित किए जाएंगे।
एक माह चलेगा अभियान :
-एसपी देवरंजन वर्मा का कहना है कि साफ परिसर सुंदर परिसर अभियान एक जुलाई से चल रहा है, जो 31 तक चलेगा। इसमें सभी थानों पर प्रभारी निरीक्षक, उपनिरीक्षक के साथ पुरुष व महिला आरक्षी नियमित परिसर की साफ-सफाई करते हैं। सभी जगह अच्छे पौधे लगाकर उनको संरक्षित करने का निर्देश दिया गया है। जिससे परिसर हरा-भरा नजर आए।