गंदगी व जलजमाव से फैल रही बीमारी, अफसर मौन
जलनिकासी की अव्यवस्था व कूड़े के ढेर के कारण नगर क्षेत्र में न केवल मच्छरों का हमला दिन रात बढ़ रहा है बल्कि संक्रामक बीमारियों का भी खतरा बढ़ रहा है।
बलरामपुर : जलनिकासी व गंदगी की भरमार होने से नगर में बीमारी फैलने की आशंका प्रबल हो गई है। नालियों में जलजमाव होने से उठने वाली दुर्गंध से सांस लेना दुश्वार है। अस्पताल परिसर में भी कूड़े की उठान नहीं हो पा रही है। फागिग मशीन खराब पड़ी है। सफाई कर्मी केवल झाड़ू लगाने तक ही सिमट कर रह गए हैं। नगर के प्रमुख मार्ग को छोड़ कर गलियों में गंदगी की भरमार है। नालियों का पानी सड़क पर बहने के कारण राहगीरों को समस्याएं हो रही हैं। आर्यनगर निवासी मुहम्मद कासिम का कहना है कि उनके वार्ड में दु:खहरणनाथ जाने वाले मार्ग पर तीन महीने से नाली का पानी बह रहा है। पटेलनगर निवासी शमशाद अली का कहना है कि स्टेट बैंक जाने वाले मार्ग पर पानी बह रहा है। गलियों में डंप कूड़े नहीं उठाए जा रहे हैं। जिससे मच्छरों की पैदावार बढ़ती जा रही है। दिन में मच्छर भनभनाते रहते हैं। ईओ अवधेश वर्मा का कहना है कि हर वार्ड में सफाई के लिए कर्मी व निगरानी के लिए सफाई नायक तैनात हैं। लापरवाही करने वाले कर्मी हटाए जाएंगे। उधर हरैया सतघरवा विकास खंड क्षेत्र के कई गांवों में जलनिकासी की व्यवस्था नहीं है। नालियों का पानी सार्वजनिक स्थानों पर फैला हुआ है। जिससे गांवों में बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। डोडेडीह गांव में जयचंद, अमिरका, प्रमोद कुमार व निरुहु के घर के सामने कचरा फैला हुआ है। सफाई कर्मी का पता नहीं है। शेषराम ने बताया कि नालियों का पानी लोगों के घरों में भर जाता है। जिला पंचायत राज अधिकारी नरेश चंद ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। शीघ्र ही निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।