अस्पताल में गंदगी मिलने पर नोडल अधिकारी हुए नाराज
चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों को कार्यशैली में सुधार लाने की हिदायत
बलरामपुर : शुक्रवार को जिले के नोडल अधिकारी घनश्याम सिंह ने तुलसीपुर उपजिलाधिकारी विनोद सिंह के साथ क्षेत्र के अस्पतालों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। महाराजगंज तराई अस्पताल में जलभराव व गंदगी देखकर संबंधित को फटकार लगाई। अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कौवापुर में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण भोजन देने व शारीरिक दूरी का पालन करने का निर्देश दिया। महाराजगंज तराई अस्पताल परिसर में बाढ़ के पानी को देखकर सफाई किए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों को कार्यशैली में सुधार लाने की हिदायत दी। मरीजों से शिष्टाचार का पालन करते हुए उन्हें जानकारी दें। इलाज में लापरवाही करने वाले चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से भी जानकारी ली। डॉ आनंद प्रकाश त्रिपाठी,डॉ.सुहेल खां,फार्मासिस्ट अतीकउर रहमान व एनके उपाध्याय मौजूद रहे।