हर कदम पर उड़ रहीं यातायात नियमों की धज्जियां
वीर विनय चौराहा समेत मुख्य मार्गों पर पुलिस की चौकसी फिर भी नहीं सीख रहे लोग
बलरामपुर : यातायात नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस और सहायक संभागीय विभाग संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान चला रहा है। चौराहों और विभिन्न मार्गों पर पुलिस का पहरा होने के बाद भी जिला मुख्यालय पर हर कदम पर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। बिना हेलमेट और सीट बेल्ट लगाए फर्राटा भरते दिखते हैं। यही नहीं, जिस पुलिस और सहायक परिवहन विभाग पर यातायात नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी है, वही नियमों को तार-तार करते दिखते हैं। लोगों की मनमानी बढ़ती जा रही है। एक रिपोर्ट.. दृश्य एक : नगर के वीर विनय चौराहा पर यातायात पुलिस के आगे से बाइक सवार बिना हेलमेट पहने जाता दिखा। यही नहीं एक बाइक पर तीन लोग बैठकर बिना किसी भय के आराम से चौराहा से फर्राटा भरते दिखे। दृश्य दो : दुर्घटना रोकने के लिए वाहनों पर लटक कर यात्रा कराने वालों की धर पकड़ करने का निर्देश है। बावजूद इसके बलरामपुर-तुलसीपुर मार्ग पर टेंपो पर लटक कर लोग जाते दिखे। दृश्य तीन : वीर विनय चौराहा के पास गोंडा मार्ग पर नाबालिग ई-रिक्शा दौड़ाता दिखा। ई-रिक्शा पर सवारी के स्थान पर आक्सीजन सिलिडर लोड था। नियमों की धज्जियां उड़ाते ई-रिक्शा और टैक्सियां हर मार्ग पर दिखाई देतीं हैं।
दृश्य चार : गोंडा मार्ग पर हनुमान गढ़ी के सामने से एक खाकी वाला बिना हेलमेट के बाइक चलाता दिखा। कई लोग गलत साइड से बाइक से फर्राटा भरते भी दिखे। इसके अलावा बाइक और चारपहिया चलाते हुए मोबाइल पर बात करना भी लोग नहीं छोड़ रहे। दो सप्ताह में 15 लोगों की जा चुकी है जान :
बीते दो सप्ताह में विभिन्न मार्गों पर हुई दुर्घटनाओं में 15 लोगों की जान जा चुकी है। जबकि 20 घायल हो चुके हैं। इसके बाद भी यातायात नियमों का पालन करना लोग मुनासिब नहीं समझ रहे हैं। यह तब है जब पुलिस विभाग जागरूकता अभियान चला कर रोजाना कार्रवाई कर रहा है। फिर भी हादसों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
वर्जन
यातायात नियमों का पालन कराने के लिए सभी थाना प्रभारियों को लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया है। नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाती है। जागरूकता से ही सड़क हादसों में कमी आएगी।
- राजेश कुमार सक्सेना, पुलिस अधीक्षक