20 दिन बाद हत्यारोपित पति गिरफ्तार
आरोपित को जेल भेज दिया गया है।
बलरामपुर : क्षेत्र के गनवरिया गांव निवासी दिनेश चौरसिया को पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पत्नी की बीमारी से परेशान होकर 20 दिन पहले हत्या करने की बात स्वीकार की है।
प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सरोज ने बताया कि 11 सितंबर को मनोहरापुर निवासिनी माया ने अपनी बेटी सोनी की हत्या का आरोप दामाद दिनेश पर लगाते हुए तहरीर दी थी। आरोप है कि सोनी की मुंबई में मृत्यु हो जाने की सूचना फोन पर मिली थी। 27 अगस्त को ग्राम गोल्हौरा जनपद सिद्धार्थनगर में राप्ती नदी के किनारे अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। माया ने मौके पर जाकर देखा तो वह शव उसकी बेटी सोनी का शव था। सोमवार को त्रिलोकपुर गांव के पास से दिनेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने बताया कि वह पत्नी की बीमारी से परेशान था। छुटकारा पाने के लिए उसने 24 अगस्त की रात डुमरियागंज सिद्धार्थनगर स्थित राप्ती नदी के पुल पर पत्नी की गला दबाकर हत्या कर शव नदी में फेंक दिया था। आरोपित को जेल भेज दिया गया है।