मुंबई से आए 67 लोगों को गांव के बाहर रोका, किया क्वारंटीन
प्राइम पेज लीड चित्र परिचय 05 बीएलएम 09 सब हेड डीसीएम से चार दिन पहले निकले 49 लोग पहुंचे कतवरिया गांव तुलसीपुर में 1
बलरामपुर :
कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए देश भर में लॉकडाउन है। ऐसे में दूसरे राज्यों में कमाई व पढ़ने गए लोग घर वापसी के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। गौरा चौराहा क्षेत्र के कतवरिया गांव में रविवार को एक डीसीएम पर सवार होकर 49 लोग पहुंच गए। सभी मुंबई से आए हैं। ग्रामीणों ने उनको बाहर ही रोक स्थानीय थाने पर सूचना दी। पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पहुंच कर सभी की स्क्रीनिग की। उसके बाद उनको अलग-अलग क्वारंटाइन सेंटरों पर रखा गया है। उधर तुलसीपुर में भी मुंबई से लौटे 18 लोगों को बलरामपुर चौराहे पर रोक लिया गया। इसमें से नौ लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर व नौ को बलरामपुर स्थित क्वारंटाइन सेंटर भेज दिया गया है।
मुंबई से डीसीएम से निकले थे प्रवासी : मुंबई से कतवरिया पहुंचे एक व्यक्ति ने बताया कि लॉकडाउन के कारण सभी ट्रेन व बसें बंद हैं। महामारी के कारण अपने परिवारजन से मिलने की बेताबी में एक अप्रैल को डीसीएम से मुंबई से रवाना हुए थे। रविवार की सुबह गांव पहुंचे। जहां तैनात आशा ने बड़ी संख्या में बाहर से आए लोगों को रोक लिया। ग्रामीणों ने भी बिना जांच के गांव में घुसने से मना कर दिया। जिससे कुछ देर के लिए गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर थाना गौरा चौराहा की पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। मुंबई से आए सभी 49 लोगों की स्क्रीनिग की गईं, जिन्हें बाद में एसडीएम सदर डॉ. नगेंद्र नाथ यादव के निर्देश पर स्थानीय क्वारंटाइन सेंटर पहुंचाया गया।
स्वास्थ्य टीम कर रही निगरानी :
-जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश ने बताया कि अब तक 17783 लोग बाहर से आएं हैं। इसमें विदेश से आने वाले भी शामिल हैं। सभी को क्वारंटाइन किया जा रहा है। 54 व्यक्तियों के 14 दिन की क्वारंटाइन अवधि पूरी हो चुकी है। सभी को घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है। आशा, एएनएम व स्वास्थ्य कर्मी उनकी निगरानी कर रही हैं।