दंपती संपर्क से दे रहे पैगाम, ताकि जनसंख्या पर लगे लगाम
आज से जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा चलेगा। इस दौरान लोगों को परिवार नियोजन के उपाय बताए जाएंगे।
बलरामपुर : बढ़ रही जनसंख्या पर लगाम लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग फिक्रमंद है। 27 जून से दंपती संपर्क अभियान चल रहा है। जिसमें लोगों को दो महीने के लिए परिवार नियोजन से जुड़े चीजें व ओरल गर्भनिरोधक गोलियां दी जा रही है। यही नहीं, स्वास्थ्य कर्मी लोगों से संपर्क कर महिला व पुरूष नसबंदी, गर्भनिरोधक गोलियां, आईयूसीडी व पीपीआईयूडी (कॉपर-टी) गर्भनिरोधक इंजेक्शन, कंडोम,अंतरा सहित परिवार नियोजन के अन्य साधनों को अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
आपदा में भी परिवार नियोजन की तैयारी : 11 से 31 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा मनेगा। इसमें परिवार नियोजन के विभिन्न स्थायी एवं अस्थायी साधनों (बास्केट ऑफ चॉइस) के बारे में लाभार्थियों को परामर्श दिया जाएगा। स्वास्थ्य केंद्रों पर परिवार नियोजन से सम्बंधित पोस्टर्स व बैनर लगाए जाएंगे एवं दीवार लेखन होगा। एसीएमओ डॉ. बीपी सिंह ने बताया कि कोविड-19 महामारी में भी जनसंख्या रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
आशा भी संभालेंगी जिम्मेदारी : विश्व जनसंख्या दिवस पर आशा अपने क्षेत्र के दंपती को परिवार नियोजन के लिए प्रेरित करेंगी। उन्हे माला-एन, छाया, सी पिल्स व कंडोम देना है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोकहिया क्षेत्र के उप स्वास्थ्य केंद्र ज्योनार पर गुरुवार को आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। जिसमें एएनएम अंजली सैनी ने उन्हें जनसंख्या नियंत्रण पखवाड़ा को लेकर जिम्मेदारियां सौंपी। बैठक में फूलमती, कुसुम, अन्नपूर्णा, अनुराधा श्रीवास्तव, सुषमा, राधा देवी, रीता सिंह सहित अन्य आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्री मौजूद रहीं।